गिरिडीह में अधिकारियों के खराब परफॉर्मेंस से नाराज केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, जिला स्तरीय बैठक से किया वॉकआउट
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अधिकारियों के साथ जिलास्तरीय बैठक आयोजित की थी. जिस दौरान अधिकारियों के खराब परफॉर्मेंस और फंड की कमी देख खीज कर बैठक आधे में छोड़ बाहर निकल गई.

Giridih, Jharkhand: जिला स्तरीय निगरानी एवं अनुश्रवण समिति दिशा की बैठक मंगलवार को गिरिडीह नगर भवन में हुई. केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में दिशा की बैठक आयोजित की गई थी. बैठक में अधिकारियों के खराब परफार्मेंस और फंड की कमी के कारण कोई खास चर्चा नहीं हुई. इस बार दिशा की बैठक में गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी भी नजर आए. पांच घंटे तक चले बैठक में जिले में योजनाओं का परफॉमेंस खराब देख कर एक एक कर सारे मंत्री और विधायक निकलते गए.
शुरुआती दौर में बैठक के दौरान बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने ग्रामीण इलाकों के सड़क निर्माण योजना को लेकर शिकायत की. वहीं कोणार्क नहर डेम सिंचाई योजना पर भी सवाल उठाए. सबसे पहले खुद नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू बैठक बीच में छोड़कर निकल गए. पत्रकारों के सवाल पर मंत्री ने कहा कि लम्बी चर्चा हुई है, कुछ योजनाओं के परफॉमेंस की स्थिति बेहतर है. जबकि कई योजनाओं को और बेहतर करने की जरूरत है. मंत्री से जब पूछा गया कि जिले में दिशा की बैठक लगातार हो रही है. अधिकारियों द्वारा बैठक में दिए निर्देशों का पालन नहीं किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे अपना जवाब दे चुके हैं.
बगोदर विधायक नागेंद्र महतो बैठक से बाहर निकले, तो गिरिडीह के अधिकारियों पर जमकर भड़के. कहा कि ऐसी लापरवाही आज तक नहीं देखी गई. किसी अधिकारी को काम से भी मतलब नहीं है, और दूसरा यह भी है कि फंड नहीं है. जिससे काम किया जा सके. अब गिरिडीह को मिलने वाला फंड कहां गया ये हेमंत सरकार को बताना चाहिए. क्योंकि एक सड़क के शिलान्यास हुए तीन साल होने को हैं. लेकिन अब सड़क निर्माण शुरू तक नहीं हुआ.
जमुआ विधायक डॉक्टर मंजू कुमारी ने यहां तक कह दिया कि अधिकारी अपना काम सही ढंग से नहीं करते. जिले के कई थानों में भ्रष्ट थानेदार को बैठा दिया गया है, जिस कारण योजनाओं का हाल बेहाल है. सही तरीके से किसी योजना का काम नहीं हो रहा. बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों के एक-एक कर बाहर निकल जाने के बाद सिर्फ सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद के साथ डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉक्टर विमल कुमार और डीडीसी स्मिता कुमारी समेत अन्य अधिकारी शेष रह गए.
(गिरिडीह से मनोज कुमार पिंटू की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









