80वें स्वतंत्रता दिवस पर CM हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान!, "माफिया के भरोसे नहीं छोड़ेंगे युवाओं का भविष्य, सुधारेंगे परीक्षा व्यवस्था"
CM हेमंत सोरेन ने भर्ती परीक्षाओं में आ रही अड़चनों और धांधली पर बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब किसी परीक्षा व्यवस्था पर संदेह पैदा होता है, तो केवल एक परीक्षा प्रभावित नहीं होती, बल्कि पूरी एक पीढ़ी का भरोसा टूट जाता है।

80th Independence Day: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान राज्यवासियों को संबोधित करते हुए सीएम ने युवाओं को झारखंड के विकास की सबसे बड़ी शक्ति और असली पूंजी बताया। भर्ती परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मुख्यमंत्री ने युवाओं को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी मेहनत को किसी माफिया, भ्रष्ट तंत्र या अनियमितता के हवाले नहीं होने देगी।
"परीक्षा व्यवस्था पर संदेह पूरी पीढ़ी के विश्वास को प्रभावित करता है"
CM हेमंत सोरेन ने भर्ती परीक्षाओं में आ रही अड़चनों और धांधली पर बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब किसी परीक्षा व्यवस्था पर संदेह पैदा होता है, तो केवल एक परीक्षा प्रभावित नहीं होती, बल्कि पूरी एक पीढ़ी का भरोसा टूट जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा में गड़बड़ी की जांच पूरी निष्पक्षता से होगी और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि बिना किसी सबूत के केवल राजनीति चमकाने के लिए किसी को दोषी ठहराने का काम नहीं होगा, न्याय पूरी तरह निष्पक्ष होगा।
'छात्रों की बात-छात्रों के साथ' अभियान और व्यापक परीक्षा सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल दोषियों को पकड़ना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। असली समाधान एक ऐसा फूलप्रूफ सिस्टम तैयार करना है, जिससे भविष्य में कोई युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके। इसके लिए सरकार कई बड़े कदम उठा रही है।
- समयबद्ध वार्षिक परीक्षा कैलेंडर : JPSC और JSSC परीक्षाओं के लिए फिक्स कैलेंडर।
- तकनीक-सुरक्षित पारदर्शी व्यवस्था : आधुनिक तकनीक से लैस परीक्षा प्रणाली।
- समय पर Answer Key और OMR : उत्तर-कुंजी और OMR शीट की समय पर उपलब्धता।
- 'छात्रों की बात-छात्रों के साथ' अभियान : विद्यार्थियों, शिक्षकों और विशेषज्ञों से सुझाव लेकर उन्हें नियमों के तहत परीक्षा प्रणाली का हिस्सा बनाना।
सरकारी नौकरियों के साथ-साथ स्टार्टअप्स और स्वरोजगार पर भी फोकस
रोजगार को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए CM ने कहा कि लक्ष्य केवल सरकारी रिक्त पदों को भरना नहीं, बल्कि ऐसा झारखंड बनाना है जहां युवाओं के पास कई विकल्प मौजूद हों। आने वाले समय में JPSC और JSSC के माध्यम से समयबद्ध नियुक्तियां की जाएंगी।
इसके साथ ही MSME, उद्योग, कृषि, डेयरी, मत्स्य पालन, पर्यटन, डिजिटल सेवाओं और स्टार्टअप्स के क्षेत्र में भी लाखों अवसर पैदा किए जाएंगे। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लाह, तसर, बांस, मिलेट और लघु वनोपज को वैल्यू एडिशन और ब्रांडिंग के जरिए बाजार से जोड़ा जाएगा।
"युवाओं के सपनों की रक्षा मेरी व्यक्तिगत जिम्मेदारी"
संबोधन के अंत में CM ने राज्य के युवाओं से अपनी मेहनत पर विश्वास बनाए रखने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि युवाओं के परिश्रम को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा और उनके सपनों की रक्षा करना उनका व्यक्तिगत दायित्व भी है। सरकार एक ऐसी परीक्षा व्यवस्था तैयार करेगी, जिस पर अभ्यर्थियों को पूरा भरोसा होगा और देश झारखंड का उदाहरण देगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

चाईबासा के राणी सती मंदिर में चोरी, शटर और गेट का ताला तोड़ दानपेटी ले उड़े चोर ; CCTV में कैद हुई वारदात

लगातार बारिश में धराशायी हुई शहीद वीर बुधु भगत की प्रतिमा







