हाथों में तिरंगा, जैज बैंड की धुन और ‘वंदे मातरम्’... सुपौल के गांधी मैदान का ये नजारा रहा खास
सुपौल के गांधी मैदान में सोमवार को माहौल कुछ अलग ही था। हाथों में तिरंगा, सामने जैज बैंड और चारों ओर देशभक्ति का जोश...


सुपौल में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने और स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर सुपौल के गांधी मैदान में राष्ट्र प्रेम और देशभक्ति से सराबोर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सशस्त्र सीमा बल (SSB) रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र, सुपौल के द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जैज बैंड के शानदार प्रदर्शन ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
जैज बैंड की धुन पर झूम उठा मैदान
कार्यक्रम का आयोजन सशस्त्र सीमा बल रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र के डिप्टी कमांडेंट अंशल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर कुमार साहू, वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। गांधी मैदान में तिरंगे के साथ बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आयोजन की भव्यता बढ़ा दी।
कार्यक्रम के दौरान जैज बैंड ने देशभक्ति से जुड़े गीतों और धुनों की शानदार प्रस्तुति दी। बैंड की धुनों के बीच जब ‘वंदे मातरम्’ की गूंज सुनाई दी तो गांधी मैदान का माहौल पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से भर गया। स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ मौजूद लोगों ने उत्साहपूर्वक गीत गाए और देशभक्ति की धुन पर जमकर झूमे।
हाथों में तिरंगा, चेहरों पर दिखा गर्व
इस दौरान हर तरफ तिरंगा लहराता नजर आया। बच्चों और युवाओं के चेहरे पर देश के प्रति गर्व और उत्साह साफ दिखाई दिया। लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के प्रति अपना प्रेम और सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और खास बना दिया।
आयोजन का उद्देश्य आम लोगों, खासकर युवा पीढ़ी और बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल सांस्कृतिक प्रस्तुति तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने उपस्थित लोगों के दिलों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और गहरा किया। गांधी मैदान में गूंजती जैज बैंड की धुन और लहराता तिरंगा पूरे आयोजन की सबसे यादगार तस्वीर बन गया।
सुपौल से कुंदन कुमार की रिपोर्ट

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रोहतास में अब रील से बदलेगी जिले की तस्वीर! अब कचरा लौटाइए और वापस पाइए 50 रुपये

मोबाइल की लत और बेइज्जती बनी हत्या की वजह! ट्रक चालक के कत्ल का खुलासा







