रांची-टाटा NH पर दर्दनाक हादसा, स्कूटी सवार दो किशोरों की मौत, एक गंभीर
रांची-टाटा NH पर इचाडीह के पास भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर घायल है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।

Ranchi: तमाड़ थाना क्षेत्र के रांची-टाटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर इचाडीह के पास सोमवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात ट्रक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मृतकों की पहचान राहे थाना क्षेत्र के फुलवैर निवासी 17 वर्षीय नगन मुंडा और बुंडू थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी 16 वर्षीया शीला कुमारी के रूप में हुई है। वहीं घायल 18 वर्षीय बुधन मुंडा भी फुलवैर का रहने वाला है।
शिव मंदिर में पूजा के बाद लौट रहे थे तीनों
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक-युवती जॉयदा स्थित शिव मंदिर में पूजा करने गए थे। पूजा खत्म करने के बाद तीनों स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान इचाडीह के पास रांची की ओर से जमशेदपुर की दिशा में गलत साइड से आ रहा एक अज्ञात ट्रक आगे चल रहे दूसरे ट्रक को ओवरटेक करने लगा।
सामने ट्रक देखकर चालक ने लगाया जोरदार ब्रेक
सामने से ट्रक को ओवरटेक करते देख स्कूटी चला रहे बुधन मुंडा घबरा गए और अचानक जोरदार ब्रेक लगा दिया। ब्रेक लगते ही स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई।
स्कूटी पर पीछे बैठे नगन मुंडा और शीला कुमारी भी सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान सामने से आ रहे अज्ञात ट्रक का पहिया दोनों के ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं बुधन मुंडा सड़क की दूसरी ओर गिरने के कारण ट्रक की चपेट में आने से बच गया, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर हालत में RIMS रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल बुधन मुंडा को तमाड़ CHC पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए RIMS रांची रेफर कर दिया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में ले लिया है। मंगलवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
दुर्घटना के बाद अज्ञात ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों और अन्य माध्यमों से फरार ट्रक का सुराग जुटाने में लगी है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

36 साल का पावरफुल करियर और अंत में जेल!, खियांग्ते को नहीं मिला VIP ट्रीटमेंट, अब जेल के जनरल वार्ड में कटेगी रात

Video! : "नौकरी भी गई और भविष्य भी संकट में...", JSSC CGL रद्द होने के फैसले से मचा बवाल, अब प्रोजेक्ट भवन के बाहर हंगामा







