24 दिन के आंदोलन के आगे झुकी सरकार! 2014 के बाद की TDPL की सभी परीक्षाएं रद्द, फैसले पर बोले देवेंद्र महतो- 'अनशन टूटेगा, पर जंग जारी रहेगी'
24 दिन के छात्र आंदोलन के बाद झारखंड सरकार ने 2014 के बाद TDPL द्वारा आयोजित JPSC-JSSC की सभी परीक्षाएं रद्द करने का ऐलान किया। देवेंद्र महतो ने फैसले का स्वागत किया।

JPSC-JSSC Protest: झारखंड में पिछले 24 दिनों से अपनी जायज मांगों को लेकर सड़कों पर डटे छात्रों की आखिरकार बड़ी जीत हुई है। उग्र छात्र आंदोलन और युवाओं के बढ़ते दबाव के आगे हेमंत सोरेन सरकार को झुकना पड़ा है। सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए यह घोषणा कर दी है कि साल 2014 के बाद से विवादित एजेंसी TDPL द्वारा आयोजित JSSC और JPSC के अंतर्गत होने वाली सभी परीक्षाओं को रद्द किया जा रहा है। सरकार के इस बड़े ऐलान के बाद आंदोलन का चेहरा रहे प्रमुख छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का भी रिएक्शन सामने आ गया है। उन्होंने सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
'अनशन खत्म करूंगा, लेकिन सुधार की लड़ाई जारी रहेगी'
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि वे इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का दिल से धन्यवाद करते हैं। देवेंद्र महतो ने स्पष्ट किया कि सरकार की इस घोषणा के बाद वे अपना आमरण अनशन तो समाप्त कर देंगे, लेकिन छात्रों के हक और व्यवस्था सुधार की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। आजतक से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे झारखंड में एक ऐसा मजबूत और पारदर्शी एजुकेशन सिस्टम चाहते हैं जहां किसी भी छात्र के साथ ऐसा धोखा दोबारा न हो, क्योंकि उन्होंने अपनी आंखों के सामने कई बार परीक्षाएं रद्द होते हुए देखी हैं।
'सिर्फ परीक्षा रद्द होना काफी नहीं, सरकार दे पक्की गारंटी'
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए देवेंद्र महतो ने पुरानी घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसी साल जनवरी में भी छात्रों के बड़े आंदोलन के बाद ही सीजीएल (CGL) परीक्षा को रद्द कराया गया था। लेकिन जब यह परीक्षा दोबारा आयोजित हुई, तो एक बार फिर से पेपर लीक हो गया। महतो ने कहा कि वे सालों से कई परीक्षाएं रद्द होते और सीबीआई व सीआईडी की जांचें बैठते देख चुके हैं। इसलिए वे सरकार की ओर से यह ठोस गारंटी चाहते हैं कि आने वाले समय में न तो कभी पेपर लीक हो और न ही भर्ती प्रक्रिया में कोई धांधली। अगर नया कठोर सिस्टम बनने के बाद भी कोई धांधली करने की हिमाकत करता है, तो उसे सख्त से सख्त सजा दी जाए।
'छात्रों, मीडिया और पुलिस प्रशासन का जताया आभार'
देवेंद्र नाथ महतो ने इस पूरे आंदोलन को सहयोग देने के लिए सभी का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि वे सभी स्टूडेंट्स, पेरेंट्स, मीडिया के साथियों, पुलिस एडमिनिस्ट्रेशन और खासकर झारखंड सरकार व मुख्यमंत्री जी को इस मूवमेंट को सपोर्ट करने के लिए दिल से धन्यवाद देते हैं। उन्होंने इस बात पर भी संतोष जताया कि सरकार छात्रों के मामले को अब गंभीरता से ले रही है और जांच टीम धांधली में शामिल हर भ्रष्ट व्यक्ति को पकड़ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस और जांच एजेंसियां इस पेपर लीक गैंग के असली सरगनाओं तक पहुंचकर पूरे नेक्सस को ध्वस्त करने में जल्द ही कामयाब होंगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

Video! : "नौकरी भी गई और भविष्य भी संकट में...", JSSC CGL रद्द होने के फैसले से मचा बवाल, अब प्रोजेक्ट भवन के बाहर हंगामा

"विक्ट्री साइन और आंखों में आंसू..." JSSC परीक्षा रद्द होने पर फफक कर रो पड़े छात्र, रांची में दिखा भावुक नजारा







