'खाकी का अपमान करने वालों को विधायक रहने का हक नहीं...', जयराम महतो के खिलाफ आर-पार के मूड में पुलिस!, दर्ज हुई FIR
धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ फोन पर कथित गाली-गलौज और अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने कानूनी शिकंजा कस दिया है।


Dhanbad: धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ फोन पर कथित गाली-गलौज और अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने कानूनी शिकंजा कस दिया है। थाना प्रभारी के लिखित बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दर्ज केस के आधार पर मामले की विधिवत जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से पूरी की जाएगी।
पुलिस एसोसिएशन का तीखा विरोध, जवानों ने काम करने से किया इनकार
थानेदार से बदसलूकी की घटना के बाद धनबाद पुलिस महकमे में भारी रोष फैल गया है। धनबाद पुलिस एसोसिएशन और पुलिस मेंस एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है। विरोध इस कदर बढ़ गया कि आक्रोशित पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने ड्यूटी करने से साफ इनकार कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धनबाद पुलिस लाइन में वरीय अधिकारी पहुंचे और नाराज पुलिसकर्मियों को शांत कराने और ड्यूटी पर लौटने के लिए समझाने-बुझाने की कोशिशों में जुट गए।
'सुरक्षा में हम रहते हैं और गाली भी हम ही सुनें'
आक्रोशित पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों ने सीधे सरकार से मांग की है कि ऐसे जनप्रतिनिधि की विधानसभा सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द की जानी चाहिए। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों का कहना है कि पुलिस के जवान दिन-रात अपनी जान जोखिम में डालकर इन्हीं नेताओं की सुरक्षा में तैनात रहते हैं और बदले में उन्हें भद्दी गालियां और अपमान सहना पड़ता है। एसोसिएशन ने दो टूक कहा कि खाकी का अपमान करने वाले किसी भी व्यक्ति को विधायक जैसे गरिमामयी पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
'सरकार बदलेगी तो मजा चखा देंगे'
पूरे विवाद की शुरुआत करीब दो दिन पहले हुई, जब विधायक जयराम महतो का बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ फोन पर हुई तीखी बातचीत का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आरोप है कि फोन पर बातचीत के दौरान विधायक ने न सिर्फ थाना प्रभारी के साथ गाली-गलौज की, बल्कि सत्ता बदलने पर देख लेने और मजा चखाने की खुली धमकी भी दी। इस ऑडियो के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में जबरदस्त उबाल है और पूरे जिले का सियासी व प्रशासनिक पारा चढ़ गया है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पलामू में शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा, छात्र उपस्थिति और APAAR ID पर डीसी ने दिए सख्त निर्देश

रांची में डॉक्टर से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी!, आधी रात में दर्जनों कॉल, गोली मारने की धमकी से...







