'रात में घर में किया हंगामा और सुबह...', रांची में 6 बहनों में सबसे छोटी खुशी ने उठाया खौफनाक कदम!
रांची के कोकर में खुशी कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने प्रेमी राजेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस वीडियो कॉल, रात के हंगामे और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Ranchi : राजधानी रांची के सदर थाना इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कोकर के सुभाष चौक के पास रहने वाली एक युवती ने अपने ही घर में कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान खुशी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के परिवार ने उसके प्रेमी राजेश कुमार और उसके दोस्तों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
छह बहनों में सबसे छोटी थी खुशी, इडली बेचकर मां चलाती है घर
मृतका खुशी कुमारी अपने परिवार में छह बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता अशोक राम का पहले ही निधन हो चुका है। छह में से तीन बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन गोद लिए जाने के बाद बाहर रहती है। खुशी अपनी मां आशा देवी और एक बड़ी बहन के साथ कोकर सुभाष चौक स्थित घर में रहती थी। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद सामान्य है और उसकी मां आशा देवी रोज इडली की दुकान लगाकर परिवार का गुजर-बसर करती हैं। रोजाना की तरह गुरुवार सुबह भी मां अपनी बड़ी बेटी के साथ दुकान जाने की तैयारी में थी, लेकिन उन्हें क्या पता था कि घर के पीछे ऐसा भयानक हादसा होने वाला है।
बुधवार रात घर पहुंचा था प्रेमी, हुआ था भारी हंगामा
परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बुधवार की देर रात करीब 11 बजे खुशी का प्रेमी राजेश कुमार अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ उनके घर धमका था। राजेश कोकर के ही आदर्श नगर इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। परिजनों का गंभीर आरोप है कि घर पहुंचते ही इन युवकों ने वहां जमकर हंगामा काटा और घर में तोड़फोड़ भी की। काफी देर तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद राजेश और उसके साथी वहां से चले गए थे। रात की इस घटना से पूरा परिवार डरा हुआ था, लेकिन सुबह इतनी बड़ी अनहोनी हो जाएगी, इसका अंदाजा किसी को नहीं था।
वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान उठा लिया खौफनाक कदम
घटना वाले दिन गुरुवार सुबह मां आशा देवी अपनी बड़ी बेटी को लेकर इडली की दुकान चलाने निकल गईं और खुशी घर पर अकेली थी। कुछ देर बाद जब परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और वे घर पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खुशी फंदे से झूल रही थी। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आ रही है कि फांसी लगाने से ठीक पहले खुशी ने अपने प्रेमी राजेश को वीडियो कॉल किया था। आरोप है कि इसी लाइव वीडियो कॉल के दौरान ही खुशी ने फांसी लगाई।
पुलिस कर रही वीडियो कॉल की पड़ताल, आरोपी प्रेमी पर कसा शिकंजा
परिवार वालों का साफ कहना है कि खुशी की मौत का जिम्मेदार उसका प्रेमी राजेश कुमार ही है। बुधवार रात घर में हुआ हंगामा और उसके बाद हुए मानसिक उत्पीड़न के कारण ही खुशी ने यह आत्मघाती कदम उठाया। इधर सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की पड़ताल में जुटी है कि आखिर वीडियो कॉल के दौरान दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी और रात में घर पर क्या हुआ था। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल्स और बाकी साक्ष्यों की जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'महिलाओं को सम्मान ठीक, पर बुजुर्गों-विधवाओं की पेंशन क्यों रोकी?', नीरा यादव का हेमंत सरकार पर तीखा हमला
चरही में L&T वेयरहाउस लूटकांड का खुलासा, गार्ड को बंधक बनाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार







