बोकारो में नौ महीने से लापता पुष्पा का कंकाल बरामद, प्रेमी ही निकला कातिल
साल 2025 की जुलाई माह से 18 वर्ष की पुष्पा लापता थी. जिसके वस्त्रों सहित उसकी हड्डियां (कंकाल) बरामद किया गया है. लड़की के प्रेमी ने ही उसकी हत्या कर शव जंगल में दफना दिया था.

Jharkhand (Bokaro): बोकारो के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के खूंटाडीह गांव की रहने वाली पुष्पा महतो बीते वर्ष 21 जुलाई से लापता थी. जिस मामले में पुलिस द्वारा समसनीखेज खुलासा किया गया है. उसके लापता होने के बाद थाने में मामला अपहरण का दर्ज कराया गया था. अब इतने महीनों बाद पुलिस को बोकारो स्थित चास कॉलेज के पीछे मधुडीह जंगल से पुष्पा का कंकाल बरामद हुआ है.
एसपी हरविंदर सिंह ने घटना से संबंधित सारी जानकारी मीडिया से साझा की. उन्होंने बताया कि 18 वर्षीय पुष्पा का दिनेश नाम के युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था. पुष्पा के घरवालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी, लेकिन पुष्पा अपने प्रेमी दिनेश से ही शादी करना चाहती थी.
पुलिस द्वारा बताए अनुसार 21 जुलाई 2025 को पुष्पा अपने कॉलेज के लिए निकली. जहां दिनेश भी उससे मिलने पहुंचा. कॉलेज के पीछे ही एक जंगल है. उसने प्रेमिका को खूब बहलाया-फुसलाया और उसे जंगल ले गया, और वहीं चाकू से बेरहमी से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी.
बार-बार पुलिस को बरगला रहा था दिनेश
मृतका पुष्पा कुमारी पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटाडीह की रहने वाली थी. शुक्रवार को पुलिस ने उसके पड़ोसी दिनेश कुमार को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की. उसने पुलिस को कई बार बरगलाने की कोशिश की. बाद में सच उगल दिया. उसने बताया कि उसने पुष्पा की हत्या गला रेत कर की थी. दिनेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. शनिवार को उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल के उक्त स्थल पर खुदाई की तो कंकाल मिला. पास में ही धारदार चाकू भी बरामद किया है. कंकाल की बरामदगी के समय हाइकोर्ट के निर्देश पर मुख्यालय रांची से आयी डीआइजी संध्या रानी मेहता और बोकारो एसपी हरविंदर सिंह के अलावा आठ थानों की पुलिस मौजूद थी. जंगल के उक्त क्षेत्र को सील कर दिया गया था. अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस खोजी कुत्तों के साथ-साथ ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल कर रही है.
कई लड़कियों के संपर्क में था दिनेश : एसपी
एसपी हरविंदर सिंह ने शनिवार को कैंप दो स्थित कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि मामले में गिरफ्तार दिनेश महतो कई लड़कियों के संपर्क में था. अब तक की जांच में 23 सिम कार्ड की जानकारी मिली है, जो चौंकाने वाला है. घटनास्थल से हत्या में उपयोग किया चाकू, मृतका का कपड़ा, अभियुक्त का चार मोबाइल, मृतका के बाल में लगा रबर बैंड, शरीर के हड्डी के 19 टुकड़े बरामद किये गये. मामले की जांच में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारी अभिषेक रंजन, जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर अनिकेत कुमार, एसआइटी में शामिल सब इंस्पेक्टर विवेक पांडे, सब इंस्पेक्टर अनिल यादव व मुंशी अक्षय कुमार को एसपी हरविंदर सिंह ने शनिवार को सस्पेंड कर दिया है. कहा कि किसी भी पुलिस अधिकारियों का संबंध हत्यारे से मिला तो उसकी सेवा बर्खास्त के लिए भी मुख्यालय को लिखेंगे.
एसपी ने बताया कि पुलिस को नर कंकाल सहित लड़की के कपड़े भी बरामद हुए हैं. जिसे एफएसएल की टीम को सौंप दिया गया है. साथ ही आरोपी के डीएनए सैंपल भी लिए जाएंगे. पुलिस संपूर्ण रूप से पूरी तफ्तीश में जुट गई है. वहीं मामले में जांच के दौरान गड़बड़ी पाए जाने के बाद थाना प्रभारी मंशी सहित कई लोगों को सस्पेंड भी किया जा रहा है.
रिपोर्ट: संजीव कुमार सिंह
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









