'माचिस नहीं दी तो चला दी गोली!', सतबरवा के रजडेरवा में बाइक सवार अपराधियों की अंधाधुंध फायरिंग, 2 मजदूर जख्मी
पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रजडेरवा में फोरलेन निर्माण स्थल पर गुरुवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने दो प्रवासी मजदूरों को गोली मार दी।

Palamu: पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रजडेरवा में फोरलेन निर्माण स्थल पर गुरुवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने दो प्रवासी मजदूरों को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे अन्य मजदूरों और कर्मियों में भारी दहशत का माहौल है।
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी हैं दोनों घायल मजदूर
गोलीबारी की इस घटना में घायल मजदूरों की पहचान 26 वर्षीय अजय हांसदा और 20 वर्षीय संजय हांसदा के रूप में हुई है। दोनों मजदूर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रहने वाले हैं और यहां फोरलेन निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे। घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने दोनों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर इलाज हेतु रिम्स रांची रेफर कर दिया।
माचिस मांगने को लेकर हुआ विवाद, अपराधियों ने चला दी गोली
घायल मजदूरों के अनुसार, वारदात गुरुवार रात करीब 11:00 बजे की है। बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात अपराधियों ने मजदूरों से माचिस की मांग की। मजदूरों द्वारा माचिस न होने की बात कहने पर अपराधी गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और अपराधियों ने हथियार निकालकर दोनों मजदूरों पर सीधी फायरिंग कर दी। गोली चलाने के बाद अपराधी अपनी बाइक से अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
एसपी कपिल चौधरी ने घटनास्थल का लिया जायजा, रंगदारी की आशंका पर भी जांच
घटना की जानकारी मिलते ही सतबरवा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी भी देर रात ही घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल कर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। स्थानीय स्तर पर यह भी आशंका जताई जा रही है कि निर्माण कार्य में लगी एजेंसी से रंगदारी वसूलने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया हो। पुलिस सभी संभावित कोणों से मामले की गहन छानबीन और हमलावरों की पहचान में जुटी है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

संभल जाइए!, झारखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, 6 जिलों में बारिश का 'Yellow Alert', 40 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं







