भगवान भरोसे हंटरगंज CHC की स्वास्थ्य व्यवस्था, मरीजों के लिए जानलेवा बनी 108 एम्बुलेंस
घायल बच्चियों को लेकर रवाना होने वाली 108 एम्बुलेंस काफी प्रयास के बावजूद स्टार्ट नहीं हुई. करीब आधे घंटे तक चालक, स्वास्थ्यकर्मी और परिजन वाहन को धक्का लगाते रहे, लेकिन एम्बुलेंस चालू नहीं हो सकी.

Chatra, Jharkhand: जिले के हंटरगंज प्रखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली एक बार फिर उजागर हुई है. गंभीर रूप से झुलसी दो मासूम बहनों की जिंदगी उस वक्त खतरे में पड़ गई, जब उन्हें रेफर कर ले जा रही 108 एम्बुलेंस स्टार्ट ही नहीं हुई. करीब आधे घंटे तक परिजन, ग्रामीण और स्वास्थ्यकर्मी एम्बुलेंस को धक्का लगाते रहे, लेकिन वाहन चालू नहीं हुआ. आखिरकार बच्चियों की बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्हें निजी एम्बुलेंस से गया मगध मेडिकल कॉलेज भेजा गया.
घटना हंटरगंज थाना क्षेत्र के डुमरीकला सोमरी बाजार की है. बताया जाता है कि फिटिंग टांड़ निवासी रूपलाल भारती की 10 वर्षीय पुत्री मनीषा कुमारी और 8 वर्षीय पुत्री निशा कुमारी साप्ताहिक हाट बाजार सोमरी डुमरी आई थीं. इसी दौरान बाजार से कुछ दूरी पर मिट्टी के ढेर पर खेलते समय दोनों बच्चियां ऊपर झूल रहे 33 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आ गईं, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गईं.
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बहनों को हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गया मगध मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. लेकिन स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही यहीं सामने आ गई. घायल बच्चियों को लेकर रवाना होने वाली 108 एम्बुलेंस काफी प्रयास के बावजूद स्टार्ट नहीं हुई. करीब आधे घंटे तक चालक, स्वास्थ्यकर्मी और परिजन वाहन को धक्का लगाते रहे, लेकिन एम्बुलेंस चालू नहीं हो सकी. इस दौरान दोनों बच्चियां दर्द से तड़पती रहीं. स्थिति बिगड़ती देख आनन-फानन में निजी एम्बुलेंस की व्यवस्था कर दोनों को गया मेडिकल कॉलेज भेजा गया. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते निजी वाहन की व्यवस्था नहीं होती तो दोनों बच्चियों की जान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही चली जाती.
वहीं 108 एम्बुलेंस चालक ने बताया कि वाहन की खराब स्थिति की जानकारी कई बार विभागीय अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन अब तक इसे दुरुस्त नहीं कराया गया. घटना के बाद लोगों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है.
(चतरा से मो. रिजवान की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गिरिडीह में अधिकारियों के खराब परफॉर्मेंस से नाराज केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, जिला स्तरीय बैठक से किया वॉकआउट

ऑपरेशन मुस्कान: खूंटी पुलिस ने लौटाई 56 लोगों की मुस्कान, बरामद कर वापस किए खोए मोबाइल!







