मुठभेड़ में शहीद STF जवान के परिजन पहुंचे मोतीहारी, पत्नी का रो -रोकर बुरा हाल
मंगलवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एसटीएफ पटना का एक जवान शहीद हो गया. इस दौरान पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों को मार गिराया, जबकि दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Motihari (Bihar): पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एसटीएफ पटना का एक जवान शहीद हो गया. इस दौरान पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों को मार गिराया, जबकि दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है.
जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने एक दिन पहले ही पुलिस को फोन कर मुठभेड़ की चुनौती दी थी और कई पुलिसकर्मियों को गोली मारने की धमकी दी थी. इसके बाद पुलिस सतर्क हो गई थी. देर रात गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने चकिया इलाके में घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की.
मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ का एक जवान राम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे साथी जवानों ने तत्काल मोतिहारी के रहमानिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शहीद जवान पटना एसटीएफ में कार्यरत था और उसका पैतृक घर सिवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बताया जा रहा है. 
इधर, घटना की सूचना मिलते ही शहीद जवान के परिजन मोतिहारी सदर अस्पताल पहुंच गए है. पार्थिव शरीर को देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया है. पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है वह बार-बार बिलखते हुए कह रही थी, “अगर हमें पता होता तो हम उन्हें ड्यूटी पर नहीं जाने देते…” शहीद जवान के मां की हालत भी बेहद नाजुक है. अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें भी इस दृश्य को देखकर नम हो गईं.
घटना के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. पूरे इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है ताकि फरार अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
रिपोर्ट- प्रतिक सिंह
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

धान के गोदाम को नशा के तस्करों ने बनाया शराब फैक्ट्री ! DC के निर्देश पर उत्पाद विभाग और पुलिस ने किया खुलासा

तमिलनाडु में 9 पुलिसकर्मियों को फांसी की सजा, 1.40 करोड़ रुपए का लगाया गया जुर्माना






