Bihar (Patna): NEET छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि एक और मामला पटना में सामने आ गया है. पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र में कोचिंग की छत से 12वीं की एक छात्रा के गिरने से मौत हो गयी. इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू की. घटना पटना एम्स गोलंबर के पास स्थित हरी नगर कॉलोनी की है, जहां कोचिंग में यह घटना हुई.
बलात्कार के बाद हत्या की आशंका
लड़की के परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या की गयी है. फिलहाल पुलिस घटना की सभी बिन्दुओं की जांच कर रह ही. कोचिंग में लगे सीसीटीवी फुटेज को पुलिस खंगालने में लगी है. सीसीटीवी फुटेज में छात्रा सीढियों से जाती दिख रही है. उसके पीछे दो लड़के भी नजर आ रहे हैं. जिसके कारण परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं.
कोचिंग के स्थान पर आम लोगों की नहीं है आवाजाही
पुलिस ने कोचिंग के स्टाफ और आस-पास के लोगों से पूछताछ की. पता चला कि जिस जगह यह कोचिंग स्थित है वहां आम लोगों की आवाजाही नहीं है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है. वहीं पूरे मामले की छानबीन की जा रही है. मामला हत्या है या फिर आत्महत्या यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा.
परिजनों का आरोप
छात्रा की पहचान फुलवारीशरीफ निवासी 17 वर्षीया पिंकी कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि बच्ची सुबह 8 बजे कोचिंग के लिए निकली थी. एक घंटा बाद पता चला कि उसकी मौत हो गयी. परिजनों का आरोप है कि रेप के बाद बच्ची को कोचिंग के चौथे तत्ले से धक्का देकर मार डाला गया. सूचना मिलने के बाद जब वो कोचिंग पहुंचे तो देखा कि पिंकी की डेड बॉडी सड़क पर पड़ी हुई थी. उसके शरीर पर चोट के निशान थे. उसका चप्पल भी वहीं मिला है. परिजन पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
लोगों ने किया सड़क जाम
घटना के विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए. स्थानीय लोगों ने एम्स गोलंबर के पास सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने पूर्व विधायक गोपाल रविदास के समर्थन में सड़क पर बैठकर इंसाफ की मांग की. सड़क जाम के कारण एम्स गोलंबर के आसपास चारों तरफ लंबा जाम लग गया. कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर आगजनी की भी सूचना है. लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रा को न्याय दिलाने की मांग की. स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया. अधिकारी लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश करते दिखे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कार्तिकेय शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे. प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.









