चतरा जंगल में प्रेमी युगल का शव बरामद, परिजन जता रहे हत्या की आशंका
चतरा के लीलाजन नदी के पास दो शवों के बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. दोनों प्रेमी-प्रेमिका बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि अगले महीने दोनों की शादी होने वाली थी.

Jharkhand (Chatra): लावालौंग थाना क्षेत्र के लमटा पंचायत स्थित लीलाजन नदी के पास जंगल से सोमवार की देर शाम एक युवक-युवती का शव संदिग्ध स्थिति में बरामद हुआ है. शव की पहचान चतरा सदर थाना क्षेत्र के टीकर गांव निवासी 22 वर्षीय संजू कुमारी व राजपुर थाना क्षेत्र के पांडेयमहुआ (राजा चक) निवासी रंजन कुमार दास के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि दोनों युवक-युवती की अगले माह शादी होने वाली थी. जानकारी के अनुसार युवक-युवती बीते शुक्रवार को घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे. काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला. युवती के परिजनों ने सदर थाना में आवेदन देकर गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया था.
सोमवार को चरवाहों ने जंगल से तेज दुर्गंध आने पर मौके पर जाकर देखा तो दोनों के शव फंदे से लटके मिले. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. मंगलवार के दिन शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया. लावालौंग थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा.
घटना से दोनों परिवारों में मातम पसरा है. गांव में भी शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है. पुलिस ने मामले की सघन छानबीन शुरू कर दी है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट करने का दावा किया है. परिजनों ने दोनों की हत्या कर शवों को लटकाने की आशंका जताई है. पुलिस प्रशासन से मामले की सही से जांच कर खुलासा करने की मांग की है.
घटनास्थल से बाइक व सल्फास बरामद
घटनास्थल से चार पैकेट सल्फास की गोलियां, एक माजा की बोतल और रंजन की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है. घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूरी पर हैंडल लॉक बाइक मिली, कुछ दूर जाने पर सल्फास पाउडर व एक बोतल मिला. घटना के पीछे स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पा रहा है. पुलिस हरेक पहलू पर जांच कर रही हैं.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

फूड पॉइजनिंग मामले में पुलिस ने गोलगप्पा दुकानदार को भेजा जेल, गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज

हजारीबाग में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के सामने पत्रकार पर हमला, शेख भिखारी मेडिकल अस्पताल में हंगामा







