EO हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा! 'बदमाशों' की कहानी निकली झूठी
डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के EO विमल कुमार हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो चालक मिथिलेश कुमार ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस अब अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।


रोहतास: डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने एक बड़ा खुलासा किया है। पहले इसे लूट और अज्ञात अपराधियों के हमले के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान यह मामला पूरी तरह से नया मोड़ ले चुका है। पुलिस के अनुसार, EO के स्कॉर्पियो चालक मिथिलेश कुमार ने पूछताछ के दौरान हत्या की बात कबूल कर ली है।
पहले गढ़ी लूट की कहानी, पूछताछ में खुल गया पूरा राज
मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह मामला लूटपाट या अज्ञात अपराधियों के हमले का लग रहा था। लेकिन जब पुलिस ने ड्राइवर से बार-बार पूछताछ की, तो उसके बयान बार-बार बदलते रहे। सख्ती से पूछताछ करने पर चालक मिथिलेश कुमार ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, उसने कहा कि लगातार ड्यूटी के दबाव और कार्यपालक पदाधिकारी के साथ होने वाली कहासुनी के कारण वह मानसिक तनाव में था। इसी तनाव और गुस्से में उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस हत्या के पीछे कोई और व्यक्ति या बड़ी साजिश तो नहीं थी।
ऐसे हुई थी वारदात
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात विमल कुमार डेहरी के ललन सिंह स्पोर्टिंग क्लब में "एक शाम शहीदों के नाम" कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सरकारी स्कॉर्पियो से पटना के लिए निकल पड़े थे। घटना के बाद, चालक ने पुलिस को बताया कि बारुण थाना क्षेत्र के धनौती पुल के पास कुछ अपराधियों ने उनकी गाड़ी रोककर EO पर हमला किया। उसने यह भी कहा कि अपराधियों ने पिस्टल के बल पर गाड़ी रोकी और फिर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल विमल कुमार को पहले डेहरी के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन वहां से उन्हें जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
(समाचार संकलन-विकाश चंदन)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

अब पंचायतों में मिलेगा 'मिनी सचिवालय' का लाभ! एक ही छत के नीचे आधार, RTPS समेत कई सरकारी सेवाएं

'क्या मैं सनातनी नहीं हूं?' गेरुआ वस्त्र पहनकर पप्पू यादव का बड़ा बयान, राम मंदिर ट्रस्ट पर लगाए गंभीर आरोप







