'ऑटो से उतरी और भागने लगी...', रांची में बिछा था पुलिस का जाल, 5 लाख के ब्राउन शुगर के साथ 'लेडी डॉन' दबोची गई!
राजधानी रांची में नशे के सौदागरों पर पुलिस का डंडा जमकर चल रहा है।


Ranchi Crime News: राजधानी रांची में नशे के सौदागरों पर पुलिस का डंडा जमकर चल रहा है। इसी कड़ी में रांची पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने जुमार पुल बस स्टैंड के पास से एक ऐसी 'लेडी तस्कर' को गिरफ्तार किया है, जो शहर के युवाओं की नसों में नशा घोलने की फिराक में थी। पकड़ी गई महिला का नाम मुन्नी देवी है। 43 साल की मुन्नी सदर थाना क्षेत्र के कोकर बाजार, जतराटांड़ की रहने वाली है। उसके पास से पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये कीमत की ब्राउन शुगर बरामद की है।
बिहार से आ रही थी नशे की बड़ी खेप
दरअसल, पुलिस के बड़े अधिकारियों को 16 अगस्त को एक पक्की खुफिया जानकारी मिली थी। खबर यह थी कि बिहार की तरफ से एक महिला भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर बस से रांची आ रही है और वह जुमार पुल बस स्टैंड पर उतरेगी। इसके बाद वह शहर के अंदर नशे की इस खेप को सप्लाई करने वाली थी। सूचना मिलते ही डीएसपी सदर संजीव कुमार बेसरा के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम बनाई गई और पुलिस ने जुमार पुल पर जाल बिछा दिया।
पुलिस को देखते ही उड़ गए होश
दोपहर के करीब तीन बज रहे थे, तभी जुमार पुल के पास एक ऑटो आकर रुका। उसमें एक महिला अकेली बैठी थी। सादे लिबास और वर्दी में मौजूद पुलिस टीम जैसे ही उसकी तरफ बढ़ने लगी, महिला के होश उड़ गए। वह इतनी घबरा गई कि ऑटो से उतरकर तुरंत भागने की कोशिश करने लगी। लेकिन वहां पहले से मुस्तैद महिला चौकीदार और पुलिस टीम ने फुर्ती दिखाते हुए उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। जब कड़ाई से पूछताछ हुई, तो उसने अपना नाम मुन्नी देवी बताया।
काले पर्स में छिपा था 'सफेद जहर' और कैश
जब पुलिस ने महिला की विधिवत तलाशी ली, तो उसके काले रंग के पर्स से नशे का पूरा सामान निकल पड़ा। पर्स के अंदर प्लास्टिक के पाउच में 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर बहुत ही चालाकी से छिपाकर रखी गई थी। बाजार में इस ब्राउन शुगर की कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी जा रही है। इसके साथ ही महिला के पास से 20 हजार रुपये नकद और एक आईटेल कंपनी का की-पैड मोबाइल फोन भी मिला। नगदी में पांच सौ, दो सौ और सौ रुपये के कई नोट शामिल थे, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया।
पहले भी खा चुकी है जेल की हवा
पूछताछ के दौरान मुन्नी देवी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह रांची शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर इस ब्राउन शुगर की पुड़िया बनाकर बेचने का काम करती थी। पुलिस ने जब इस महिला का क्राइम रिकॉर्ड खंगाला, तो पता चला कि यह कोई नई खिलाड़ी नहीं है। साल 2024 और 2025 में भी उसके खिलाफ सदर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के केस दर्ज हो चुके हैं। यानी वह आदतन अपराधी है और पहले भी इस काले धंधे में पुलिस के हत्थे चढ़ चुकी है।
अब पूरे नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में कोतवाली एएसपी निखिल रॉय, सदर डीएसपी संजीव कुमार बेसरा, सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार और कोतवाली थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी के अलावा मेसरा और सुखदेवनगर थाने के कई पुलिसकर्मी शामिल थे। फिलहाल महिला पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस उसके मोबाइल फोन और पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर वह बिहार में यह नशा किससे खरीदती थी और रांची में इसके गैंग में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कोलकाता चप्पल खरीदने जा रहे रांची के दो चचेरे भाइयों की खड़गपुर में दर्दनाक मौत, 6 महीने की बच्ची के सिर से उठा पिता का साया

20 अगस्त को रांची में बड़ा आंदोलन!, JPSC-JSSC छात्रों के CM आवास घेराव को लेकर पुलिस अलर्ट, 2,000 जवान होंगे तैनात







