मोतिहारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, बड़ी संख्या में एक्सपायर हुई जीवनरक्षक दवाएं, किसकी लापरवाही !
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें बताया जाता है कि बड़ी संख्या में दवाएं एक्सपायर मिली हैं. सवाल उठ रहे हैं कि इसमें किसकी लापरवाही है. जिससे लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती थी, उन दवाओं को ऐसे रखा रह जाने क्यों दिया गया.

Jharkhand (Motihari): जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में डॉक्टर के क्वार्टर के कमरे में बड़ी मात्रा में जीवनरक्षक दवाइयां भरी हुई दिखाई दे रही हैं, जिनके एक्सपायर होने की बात कही जा रही है. वीडियो में मजदूरों को दवाइयों को कमरे से बाहर निकालते और फेंकते हुए भी देखा जा सकता है.
सोशल मीडिया पर लोग इस मामले को लेकर आक्रोश जता रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि एक ओर अस्पतालों में मरीज दवा के लिए भटकते हैं, वहीं दूसरी ओर लाखों रुपये की दवाइयां क्वार्टर के कमरों में रखी-रखी एक्सपायर हो रही हैं. इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि यह मामला पताही पीएचसी का है, जहां डॉक्टर के क्वार्टर के दो कमरों में भारी मात्रा में एक्सपायरी जीवनरक्षक दवाएं रखी मिली हैं. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है.
इस पूरे मामले पर सिविल सर्जन डॉ. दिलीप सिंह ने कहा कि मरीजों को मिलने वाली दवाओं को कमरे में रखकर एक्सपायर करना अत्यंत गंभीर मामला है. उन्होंने कहा कि मामले को संज्ञान में लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच टीम गठित कर दी गई है. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.
कार्रवाई पर हैं अब निगाहें
पूरा जिला अब जांच रिपोर्ट और संभावित कार्रवाई का इंतजार कर रहा है. यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला दवा आपूर्ति, स्टोरेज और वितरण प्रणाली की व्यापक समीक्षा की मांग करेगा. स्वास्थ्य सेवाएं सीधे नागरिकों के जीवन से जुड़ी होती हैं और ऐसे मामलों में पारदर्शिता व जवाबदेही ही व्यवस्था में भरोसा कायम रख सकती है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कटिहार में बुजुर्ग महिला की मौत का खुलासा, 75 वर्षीय पति ही निकला पत्नी का हत्यारा

MOTIHARI BREAKING: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अपराधियों के नापाक मनसूबे पर फिरा पानी, तीन हिरासत में






