चतरा में यहां सड़क या गड्ढों का जाल?, बायपास की बदहाली से रोज हादसे, जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग
चतरा शहर को जाम से राहत देने और यातायात को सुगम बनाने के लिए बनाया गया बायपास मार्ग इन दिनों खुद लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।


Chatra: चतरा शहर को जाम से राहत देने और यातायात को सुगम बनाने के लिए बनाया गया बायपास मार्ग इन दिनों खुद लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। बस स्टैंड से लेकर हेरूआ डैम तक सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क, इसका फर्क करना मुश्किल हो गया है।
सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए हर कदम पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
पानी से भरे गड्ढे बन रहे हादसों की वजह
बायपास की जर्जर सड़क पर सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। अचानक गड्ढे में पहिया चले जाने से बाइक सवारों के गिरने और घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। टेंपो और छोटे वाहन भी इन गड्ढों से गुजरने के दौरान दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क की बदहाली के कारण कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल तक जाना पड़ा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना इस रास्ते से आने-जाने वाले लोगों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
'किसी बड़े हादसे का इंतजार न करे विभाग'
स्थानीय लोगों का कहना है कि बायपास की बदहाली अब सिर्फ सड़क की समस्या नहीं रह गई है, बल्कि यह लोगों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल बन चुका है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने के बाद वाहन चालकों को पता ही नहीं चलता कि सड़क कहां खत्म हो रही है और गड्ढा कहां से शुरू हो रहा है।
लोगों ने जिम्मेदार विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी।
विधायक जनार्दन पासवान ने भी माना- सड़क की हालत खराब
इधर, स्थानीय विधायक जनार्दन पासवान ने भी बायपास सड़क की जर्जर स्थिति को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत खराब है और इसके समाधान के लिए जल्द रास्ता निकाला जाएगा।
विधायक ने यह भी बताया कि उनके सामने भी इस सड़क पर ऐसी घटना घट चुकी है। अब लोगों को उम्मीद है कि सड़क की स्थिति को देखते हुए जल्द मरम्मत का काम शुरू होगा और बायपास फिर से सुरक्षित आवागमन के लायक बन सकेगा।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

चतरा में बाल-बाल बची कई जिंदगियां!, सड़क किनारा धंसते ही खेत में पलटा ओवरलोड हाइवा

चार्जशीट में रकम बदली तो हाईकोर्ट पहुंचे मधु कोड़ा, ED ने दिया जवाब, अब आगे...







