Ranchi में जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक, समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर
समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. जिला प्रशासन की विभिन्न प्राथमिकताओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए योजनाओं के समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया.

Jharkhand (Ranchi): समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. बैठक में उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, परियोजना निदेशक (आईटीडीए) संजय भगत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी (रांची सदर) कुमार रजत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला प्रशासन की विभिन्न प्राथमिकताओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए योजनाओं के समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया. उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
नगरपालिका निर्वाचन 2026 पर शुभकामनाएं
उपायुक्त ने नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को शुभकामनाएं दी और आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई.
मार्च क्लोजिंग को लेकर सतर्कता
मार्च क्लोजिंग के मद्देनजर सभी विभागों को फर्जी निकासी पर विशेष निगरानी रखने और अंतिम समय में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता रोकने के निर्देश दिए गए.
विधानसभा सत्र व पर्व-त्योहारों पर विधि-व्यवस्था
आगामी विधानसभा सत्र एवं होली, ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे पर्व-त्योहारों के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने पर जोर दिया गया.
ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती
त्योहारों के दौरान ध्वनि प्रदूषण के निर्धारित मानकों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए.
सीसीटीवी व सभागार जीर्णोद्धार की समीक्षा
समाहरणालय परिसर में सीसीटीवी कैमरों के 24 घंटे संचालन की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने सभागार के जीर्णोद्धार कार्य को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया.
शपथ ग्रहण की तैयारी
नगरपालिका निर्वाचन में चुने गए जनप्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई. साथ ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क के सौंदर्यीकरण हेतु टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए.
जल स्रोतों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश
रांची के प्रमुख जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया.
जन्म प्रमाण पत्र और फर्जीवाड़ा रोकथाम
जिले में जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए गए.
आईडी कार्ड वितरण व योजनाओं की समीक्षा
अंचल एवं प्रखंड कार्यालयों में बीडीओ/सीओ सहित सभी कर्मियों को आईडी कार्ड वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई. संबंधित अधिकारियों ने बताया कि कार्य पूर्ण कर लिया गया है.
इसके अतिरिक्त छात्रवृत्ति, धान अधिप्राप्ति एवं “मंईया सम्मान से स्वावलंबन” सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई.
जिला प्रशासन ने नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 (अबुआ साथी) जारी रखते हुए आमजनों से सक्रिय सहभागिता की अपील की है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

तोहफे में झाड़ू लेकर भी.. क्यों खुश नजर आ रहीं रांची मेयर रोशनी खलखो

OBC आरक्षण के साथ पहली बार झारखंड में पंचायत चुनाव, तय समय पर चुनाव कराने की झारखंड सरकार की तैयारी






