रांची नगर निगम द्वारा शहर में राजस्व एवं भवन संबंधी अनियमितताओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को भी विशेष अभियान चलाया गया जिसमें नगर निगम की राजस्व शाखा एवं नगर निवेशक शाखा की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न व्यावसायिक एवं आवासीय भवनों का स्थल निरीक्षण किया गया। इस जांच अभियान के दौरान दो प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में गंभीर अनियमितताएँ सामने आई हैं।
सृष्टि हॉस्पिटल, हिनू - जांच में पाया गया कि संस्थान द्वारा नगर निगम को कुल 14,100 वर्गफीट क्षेत्रफल की जानकारी उपलब्ध कराई गई थी, जबकि वास्तविक क्षेत्रफल 24,870 वर्गफीट पाया गया। इस प्रकार लगभग 10,770 वर्गफीट क्षेत्रफल का अंतर सामने आया है।
शांतति(SANTATI) IVF एवं लिटिल हार्ट हॉस्पिटल, अरगोड़ा चौक - इस संस्थान द्वारा नगर निगम को 19,700 वर्गफीट क्षेत्रफल घोषित किया गया था, जबकि जांच के दौरान वास्तविक क्षेत्रफल 32,127 वर्गफीट पाया गया। इस प्रकार कुल 12,427 वर्गफीट क्षेत्रफल का अंतर पाया गया है।
नगर निवेशक शाखा द्वारा की गई जांच में इस भवन से संबंधित कई अन्य गंभीर विसंगतियाँ भी पाई गई हैं, जिनमें भवन स्वामी द्वारा G+2 (रेजिडेंशियल-कम-कमर्शियल) का नक्शा पारित कराया गया था, जबकि उसके विपरीत भवन का पूरा व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था।
रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी प्रकार की राजस्व चोरी, अवैध निर्माण अथवा भवन मानकों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपरोक्त दोनों परिसरों पर झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 के प्रावधानों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।








