असम-मेघालय में रेड अलर्ट, कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
IMD ने जारी की चेतावनी, मौसिनराम में 24 घंटे में 530 मिमी बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने असम और मेघालय के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दोनों राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान तेज बारिश हो सकती है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा बिहार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, गोवा और लक्षद्वीप समेत कई राज्यों में सोमवार तक भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। लोगों को सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
मेघालय में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला है। पूर्वी खासी हिल्स जिले के मॉसिनराम में 24 घंटे के भीतर 530 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं RKM सोहरा में 470 मिमी और मावक्यरवाट में 390 मिमी बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण शिलांग-दावकी राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। लैटलिंगकोट के पास सड़क का हिस्सा बह जाने से दावकी की ओर जाने वाले मार्ग पर असर पड़ा है। हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है और सड़क बहाली का काम जारी है।
मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी भी दी है। दूसरी ओर विदर्भ में अगले तीन दिनों तक भीषण लू चलने की आशंका है। छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और तेलंगाना में भी कल तक लू की स्थिति बनी रह सकती है। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बंगाल बेड़ियों से मुक्त, भ्रष्टाचारियों पर कसेगा शिकंजा": PM मोदी

बिहार को मिली नई रेल सौगात, दरभंगा-जयपुर के बीच दौड़ेगी अमृत भारत एक्सप्रेस







