PM Modi in G7: फ्रांस के एवियन पहुंचे प्रधानमंत्री, दुनिया के बड़े नेताओं संग करेंगे अहम चर्चा
फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर करेंगे चर्चा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को फ्रांस के एवियन पहुंचे, जहां वह G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह उनकी हालिया विदेश यात्रा का अंतिम चरण है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर पहुंचे पीएम मोदी का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। यह भारत की G7 में 13वीं भागीदारी है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी लगातार सातवीं बार इस सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं।
17 जून तक चलने वाले इस सम्मेलन में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेता वैश्विक चुनौतियों और सहयोग के नए रास्तों पर चर्चा करेंगे। पीएम मोदी “नई साझेदारियां और वैश्विक एकजुटता” विषय पर आयोजित विशेष सत्र में भाग लेंगे। इस दौरान आर्थिक स्थिरता, ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और विकास से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है।
G7 समिट के इतर प्रधानमंत्री मोदी कई अहम द्विपक्षीय बैठकों में भी हिस्सा लेंगे। उनकी मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान समेत कई वैश्विक नेताओं से होने की उम्मीद है।
केंद्र सरकार के अनुसार, प्रधानमंत्री के रूप में यह मोदी का 100वां विदेश दौरा है। पिछले 12 वर्षों में वह 78 देशों की यात्रा कर चुके हैं। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान भारत वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका, साझेदारियों और विकास से जुड़े दृष्टिकोण को मजबूती से रखेगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









