PESA Law: चंपाई सोरेन के बयानों पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- आदिवासियों को वनवासी कहने वाली BJP को अचानक इनसे कैसे हो गया प्रेम?
चंपाई सोरेन के बयानों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला. सुखदेव भगत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पेसा कानून को लेकर भ्रामक बातें फैला रही है. उन्होंने कहा कि “नाच न जाने आंगन टेढ़ा” वाली कहावत बीजेपी पर बिल्कुल सटीक बैठती है.

JHARKHAND (RANCHI): झारखंड सरकार द्वारा पेसा कानून की अधिसूचना जारी किए जाने के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है. एक तरफ भाजपा ने सरकार पर पेसा कानून की मूल भावना से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है, तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस खुलकर सरकार के समर्थन में आ गई है और बीजेपी पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगा रही है.
‘ग्राम सभा को दिए गए हैं माइनर मिनरल व जंगल से जुड़े अधिकार, जो दूसरे राज्यों में भी नहीं’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पेसा नियमावली पूरी तरह आदिवासियों के हित में है. उन्होंने बताया कि ग्राम सभा को माइनर मिनरल और जंगल से जुड़े अधिकार दिए गए हैं, जो दूसरे राज्यों में भी नहीं हैं.
‘आदिवासियों को वनवासी कहने वाली BJP को अचानक आदिवासियों से प्रेम कैसे ?’
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता चंपाई सोरेन के बयानों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला. सुखदेव भगत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पेसा कानून को लेकर भ्रामक बातें फैला रही है. उन्होंने कहा कि “नाच न जाने आंगन टेढ़ा” वाली कहावत बीजेपी पर बिल्कुल सटीक बैठती है. सांसद ने कहा कि बीजेपी जब सत्ता में थी तब पेसा कानून को लेकर कुंडली मारकर बैठी रही. आज जब सरकार ने नियमावली बनाकर इसे लागू किया है, तो सिर्फ गलती निकालने की साजिश की जा रही है. आदिवासियों को वनवासी कहने वाली बीजेपी को आज अचानक आदिवासियों से प्रेम कैसे हो गया? सुखदेव भगत ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी की सरकार ने आदिवासियों की लाखों एकड़ जमीन को लैंड बैंक में डाल दिया था, इसलिए अब उनके पास नैतिक आधार नहीं बचा है. उन्होंने कहा कि पेसा कानून ग्राम स्वराज की संकल्पना पर आधारित है और इसमें ग्राम सभा, मांझी, मानकी और मुंडा जैसी पारंपरिक व्यवस्थाओं को पूरी तरह शामिल किया गया है.
‘क्या भाजपा सरकार ने पेसा लागू करने के लिए कोई पहल की ?’
कांग्रेस की विधायक और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि बीजेपी को पेसा पर बोलने का अधिकार नहीं है. उन्होंने कहा कि क्या पूर्ववर्ती भाजपा की सरकार ने राज्य में पेसा लागू करने के लिए कोई पहल की. आज जब हमारी सरकार पेसा कानून लेकर आई है तो ये लोग बिना आधार के अनर्गल बात कर रहे हैं. हमारी सरकार ने एक मजबूत पेसा कानून लाकर यहां के आदिवासियों को संरक्षण देने का काम किया है.
‘पेसा कानून हमारी सरकार की बदौलत लागू हुआ’
वहीं कांग्रेस नेता विक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि पेसा कानून में जो भी अधिकार दिए गए हैं, उन्हें नियमावली बनाकर मौजूदा सरकार ने लागू किया है, जबकि बीजेपी ग्राम सभा को कमजोर करने की साजिश कर रही थी. उन्होंने कहा पेसा कानून हमारी सरकार की बदौलत लागू हुआ है. बीजेपी ने कभी इसे गंभीरता से नहीं लिया.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

तोहफे में झाड़ू लेकर भी.. क्यों खुश नजर आ रहीं रांची मेयर रोशनी खलखो

OBC आरक्षण के साथ पहली बार झारखंड में पंचायत चुनाव, तय समय पर चुनाव कराने की झारखंड सरकार की तैयारी






