चतरा में होमगार्ड बहाली पर बवाल: पत्थलगड्डा के अभ्यर्थियों ने समाहरणालय में किया हंगामा
पत्थलगड्डा प्रखंड के सैकड़ों अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में धांधली और समय सीमा में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए समाहरणालय परिसर में जोरदार हंगामा किया. अभ्यर्थियों ने निष्पक्ष जांच और अंकों की तत्काल घोषणा की मांग को लेकर नारेबाजी की.

Jharkhand (Chatra): चतरा जिले में चल रही होमगार्ड बहाली प्रक्रिया सोमवार को विवादों के घेरे में आ गई. पत्थलगड्डा प्रखंड के सैकड़ों अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में धांधली और समय सीमा में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए समाहरणालय परिसर में जोरदार हंगामा किया. स्थिति बिगड़ती देख खुद उपायुक्त कीर्ति श्री ने मोर्चा संभाला और अभ्यर्थियों को शांत कराया.
अभ्यर्थियों का मुख्य आरोप है कि दौड़ (रनिंग) के दौरान निर्धारित समय का पालन नहीं किया जा रहा है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें उनके प्राप्तांक नहीं दिखाए जा रहे हैं. प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने कुछ बाहरी तत्वों और विभागीय कर्मियों की मिलीभगत से अपात्र उम्मीदवारों को लाभ पहुंचाने की आशंका जताई है.
आक्रोशित अभ्यर्थियों ने निष्पक्ष जांच और अंकों की तत्काल घोषणा की मांग को लेकर नारेबाजी की. मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं.
डीसी ने स्पष्ट किया कि पूरी बहाली प्रक्रिया जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी में पारदर्शी तरीके से संचालित हो रही है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों को उनके प्रदर्शन की जानकारी समय पर दी जाए ताकि कोई संशय न रहे. प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें.
रिपोर्ट: मोहम्मद रिजवान
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मिरुडीह में अवैध अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में नकली शराब बरामद

गिरिडीह मेयर की वार्ड पार्षदों के साथ बैठक, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जल्द निर्गत करने के निर्देश






