अनशन पर बैठे छात्रों के समर्थन में आई सरकार, दीपिका पांडे बोलीं- लीक-प्रूफ बनेगा एग्जाम सिस्टम, राजनीति न करे विपक्ष
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा सरकार की गंभीरता इसी बात से स्पष्ट है कि छात्रों के आंदोलन से पहले ही कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। सीआईडी जांच कर रही है और सरकार चाहती है कि दोषियों को सख्त सजा मिले।

GODDA/JHARKHAND:झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षा को लेकर मचे बवाल और सड़कों पर उतरे छात्रों के आंदोलन के बीच राज्य सरकार का बड़ा बयान सामने आया है। राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने सरकार का पक्ष रखते हुए साफ किया है कि सरकार इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने दावा किया कि छात्रों के आंदोलन पर उतरने से पहले ही सरकार ने एक्शन लेना शुरू कर दिया था और मामले की जांच पहले से ही चल रही है।
CID कर रही है जांच, दोषियों को मिलेगी कड़ी से कड़ी सजा
मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने बताया कि परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के आरोपों की सीआईडी जांच कराई जा रही है। सरकार की मंशा एकदम साफ है कि इस पूरे खेल में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि भविष्य में कभी ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए एक ऐसा 'लीक-प्रूफ' परीक्षा सिस्टम तैयार किया जा रहा है जिसमें धांधली की कोई गुंजाइश न रहे। सरकार अब एक तय परीक्षा कैलेंडर बनाएगी ताकि समय पर और नियमित रूप से पारदर्शी परीक्षाएं कराई जा सकें।
छात्रों की मांगें पूरी तरह जायज, सरकार साथ खड़ी है
आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रति हमदर्दी जताते हुए मंत्री ने कहा कि युवाओं की मांगें बिल्कुल जायज हैं। सरकार उनकी तकलीफ और चिंताओं को बहुत अच्छी तरह समझती है और इस मुश्किल वक्त में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी सूरत में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
JPSC-1 और 2 के वक्त चुप रहने वाले आज कर रहे राजनीति
मामले की आड़ में सियासत करने की कोशिश कर रहे विपक्ष को भी मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने आड़े हाथों लिया। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग JPSC-1 और JPSC-2 के दौर में सिस्टम की कमियों को सुधारने में पूरी तरह नाकाम रहे, वही लोग आज इस मुद्दे पर गंदी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के छात्र बहुत समझदार हैं और वे विपक्ष के इस राजनीतिक दांव-पेच को अच्छी तरह पहचानते हैं। उन्हें पूरा यकीन है कि छात्र अपने मूल मुद्दों पर जिम्मेदारी से डटे रहेंगे और किसी के बहकावे में नहीं आएंगे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

JPSC-JSSC विवाद पर राजभवन पहुंचे CM हेमंत सोरेन, राज्यपाल ने दिया सख्त संदेश ; 'छात्रों के भविष्य से ना हो खिलवाड़'

न छाता, न कोई टेंट, बस न्याय की आस... बारिश भी नहीं डिगा सकी अनशनकारी छात्रों का इरादा, सरकार पर टिकी निगाहें







