JPSC-JSSC विवाद पर राजभवन पहुंचे CM हेमंत सोरेन, राज्यपाल ने दिया सख्त संदेश ; 'छात्रों के भविष्य से ना हो खिलवाड़'
गरमाए माहौल के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से एक बेहद अहम मुलाकात की

RANCHI: झारखंड में JPSC और JSSC की परीक्षाओं में हुई कथित धांधली को लेकर बवाल मचा हुआ है। रांची की सड़कों पर छात्र न्याय की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इसी गरमाए माहौल के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से एक बेहद अहम मुलाकात की। इस बैठक में मुख्य रूप से परीक्षा विवाद और छात्रों के उग्र होते आंदोलन पर विस्तार से चर्चा की गई।
'आयोग की साख पर ना उठे सवाल'
मुलाकात के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों को बेहद गंभीर मुद्दा करार दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी कीमत पर छात्रों का हित सर्वोपरि होना चाहिए। राज्यपाल ने जोर देते हुए कहा कि भर्ती की पूरी प्रक्रिया में इतनी पारदर्शिता और निष्पक्षता होनी चाहिए कि युवाओं का भरोसा सिस्टम पर कायम रहे। उन्होंने नियुक्ति आयोगों को स्पष्ट नसीहत देते हुए कहा कि संस्थाओं को इस तरह से काम करना चाहिए कि उनकी पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर कोई भी उंगली ना उठा सके।
CM हेमंत का आश्वासन, 'युवाओं के साथ नहीं होने देंगे अन्याय'
राज्यपाल की चिंताओं पर CM हेमंत सोरेन ने भी अपना रुख एकदम साफ किया। उन्होंने राज्यपाल को पूरी तरह से आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर हाल में छात्रों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार किसी भी युवा के साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस पूरे विवाद और गड़बड़ी की शिकायतों पर जल्द ही ठोस और जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि छात्रों को उनका हक मिल सके।
बैठक में मुख्य सचिव भी रहे मौजूद
लोक भवन में हुई इस उच्च स्तरीय मुलाकात के दौरान राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि राजभवन और सरकार के बीच हुई इस महत्वपूर्ण चर्चा के बाद, सड़कों पर अपना भविष्य तलाश रहे हजारों छात्रों की मांगों पर सरकार अगला क्या बड़ा कदम उठाती है। युवाओं की नजरें अब सीधे तौर पर सरकार के अगले एक्शन पर टिकी हुई हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

न छाता, न कोई टेंट, बस न्याय की आस... बारिश भी नहीं डिगा सकी अनशनकारी छात्रों का इरादा, सरकार पर टिकी निगाहें

झारखंड का मानसून सत्र होगा हंगामेदार! JPSC विवाद पर आर-पार की तैयारी, CM ने बुलाई बड़ी बैठक







