1500 छात्रों पर सिर्फ 21 शिक्षक! अब 'भगवान भरोसे' चल रही है पढ़ाई
पिंडराजोरा के सर्वोदय प्लस टू उच्च विद्यालय में 1500 छात्रों के लिए सिर्फ 21 शिक्षक हैं। कई शिक्षक वर्षों से दूसरे जिलों में प्रतिनियुक्त हैं, जिससे कॉमर्स, इतिहास, फिजिक्स और गणित जैसे विषयों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।


बोकारो: एक तरफ, सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई का वादा कर रही है, लेकिन दूसरी तरफ बोकारो के पिंडराजोरा में स्थित सर्वोदय प्लस टू उच्च विद्यालय की स्थिति इन दावों पर सवाल उठाती है। इस विद्यालय में लगभग 1500 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन शिक्षकों की भारी कमी के चलते पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। हालात ये हैं कि कई विषयों की नियमित कक्षाएं महीनों नहीं, बल्कि वर्षों से प्रभावित हो रही हैं।
विद्यालय में कुल 21 शिक्षक हैं, लेकिन इनमें से चार शिक्षकों को दूसरे जिलों में भेज दिया गया है। इसका सीधा असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। विद्यालय के प्राचार्य भरत कुमार महतो ने बताया कि कॉमर्स विषय में नामांकन तक नहीं हो पा रहा, क्योंकि संबंधित शिक्षक पिछले चार वर्षों से धनबाद में प्रतिनियुक्त हैं। वहीं, इतिहास के शिक्षक भी करीब आठ वर्षों से दूसरे जिले में हैं। इसके अलावा, फिजिक्स और गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों की भी कमी है, जिससे नियमित कक्षाएं चलाना काफी मुश्किल हो गया है।
शिक्षक नहीं, तो भविष्य कैसे बनेगा?
विद्यालय के छात्रों का कहना है कि जब उन्होंने आर्ट्स में दाखिला लिया, तो उन्हें इतिहास का शिक्षक नहीं मिला। इस कमी के कारण उनकी नियमित पढ़ाई तो प्रभावित हो ही रही है, साथ ही बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी भी अधूरी रह गई है। छात्रों ने सरकार और शिक्षा विभाग से अपील की है कि जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की जाए या फिर जो शिक्षक पहले से थे, उन्हें वापस लाया जाए। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो इसका सीधा असर उनके भविष्य पर पड़ेगा। विद्यालय की यह स्थिति एक बड़ा सवाल खड़ा करती है, जब कक्षाओं में शिक्षक ही नहीं होंगे, तो छात्रों का भविष्य कौन संवारने वाला है? अब सभी की नजरें शिक्षा विभाग और सरकार पर हैं कि वे इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाते हैं।
(बोकारो से संजीव कुमार सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

28 एकड़ में बनेगा 'नगर वन'! गिरिडीह में ₹2.5 करोड़ की अनोखी परियोजना का शिलान्यास, बदल जाएगी पूरे इलाके की तस्वीर

गोड्डा में 4 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बिहार से झारखंड में करने आ रहे थे सप्लाई







