अब पंचायतों में मिलेगा 'मिनी सचिवालय' का लाभ! एक ही छत के नीचे आधार, RTPS समेत कई सरकारी सेवाएं
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शिवहर में कहा कि पंचायत सरकार भवनों को 'मिनी सचिवालय' के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां RTPS, आधार सेवा समेत कई सरकारी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।


शिवहर: बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश दो दिन के दौरे पर शिवहर पहुंचे। यहां उन्होंने जिला अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा की और कई परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रेस वार्ता में मंत्री ने बताया कि जिले में बन रहे पंचायत सरकार भवन भविष्य में 'मिनी सचिवालय' के रूप में काम करेंगे, जिससे ग्रामीणों को एक ही जगह पर कई सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
आधार, RTPS समेत कई सेवाएं मिलेंगी एक ही छत के नीचे
मंत्री ने जानकारी दी कि जिले में कुल 49 पंचायत सरकार भवनों को मंजूरी मिल चुकी है। इनमें से 15 भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, 17 भवन अभी निर्माणाधीन हैं, और 11 भवन पहले से ही काम कर रहे हैं। इन भवनों में फिलहाल RTPS काउंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही इन पंचायत भवनों में आधार कार्ड से जुड़ी सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके लिए कार्यपालक सहायकों को जरूरी प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
स्ट्रीट लाइट, विवाह मंडप और मोक्ष धाम योजना की भी समीक्षा
पंचायती राज मंत्री ने जानकारी दी कि जिले में 7,810 स्ट्रीट लाइटें लगाने का जो लक्ष्य था, वो अब पूरी तरह से हासिल कर लिया गया है। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सभी पंचायतों में विवाह मंडप के निर्माण के लिए भूमि का चयन भी कर लिया गया है। मोक्ष धाम योजना के तहत 38 जगहों पर जमीन को चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार के सहयोग पोर्टल पर आए सभी 140 आवेदनों का समय पर निपटारा कर दिया गया है। इसके अलावा, जिला परिषद की अवैध कब्जे वाली जमीन को खाली कराकर वहां व्यावसायिक भवन और तालाब बनाने की योजना है।
परिसीमन के बाद बढ़ेंगी पंचायतें, फिर होंगे चुनाव
मंत्री दीपक प्रकाश ने जानकारी दी कि 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंचायतों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। इसके बाद नई पंचायतों के गठन के अनुसार पंचायत चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का मकसद पंचायत स्तर पर एक बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करना है, ताकि ग्रामीणों को अधिकतम सरकारी सेवाएं उनके नजदीक ही मिल सकें।
(शिवहर से नवीन पांडेय की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

EO हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा! 'बदमाशों' की कहानी निकली झूठी

एंबुलेंस खराब, अस्पताल में ऑक्सीजन नहीं... युवक की मौत के बाद फूटा गुस्सा







