अब पेट्रोल पंप पर ही चार्ज होगी EV! शुरू हुआ पहला EV चार्जर, 15 KW सोलर प्लांट भी लगा
सहरसा में स्वच्छ ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए नई पहल हुई है। जिला व्यापार संघ अध्यक्ष अर्जुन चौधरी के पेट्रोल पंप परिसर में 15 KW का सोलर पावर प्लांट और जिले का पहला EV चार्जर शुरू किया गया।


सहरसा: जिले में स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की गई है। सहरसा जिला व्यापार संघ के अध्यक्ष अर्जुन चौधरी ने जिला प्रशासन की पहल पर अपने पेट्रोल पंप परिसर में 15 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापित किया है। खास बात यह है कि इसी परिसर में जिले का पहला इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जर भी शुरू किया गया है।
15 किलोवाट के सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने अर्जुन चौधरी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा को अपनाना बिजली की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
रोजाना करीब 60 यूनिट बिजली पैदा करेगा प्लांट
मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बताया कि 15 किलोवाट क्षमता वाला यह सोलर प्लांट प्रतिदिन करीब 60 यूनिट बिजली का उत्पादन कर सकता है। इस हिसाब से महीने में लगभग 1,800 यूनिट बिजली उत्पादन की संभावना है। उन्होंने बताया कि प्लांट लगाने में किया गया निवेश करीब दो से तीन वर्षों में वसूल होने की उम्मीद है। इसके बाद लंबे समय तक बिजली के खर्च में बचत की जा सकेगी।
डीएम ने बताया कि सोलर पावर प्लांट की उपयोगी अवधि करीब 25 वर्ष तक होती है। ऐसे में शुरुआती निवेश की लागत निकलने के बाद लंबे समय तक इसका फायदा लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में लोगों को सौर ऊर्जा जैसे स्वच्छ और अक्षय ऊर्जा स्रोतों को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ना होगा। पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों के अत्यधिक इस्तेमाल का असर पर्यावरण और जलवायु पर पड़ रहा है। बढ़ता तापमान और ग्लोबल वार्मिंग आज गंभीर चुनौतियां हैं।
सहरसा में पहली बार पेट्रोल पंप पर EV चार्जिंग सुविधा
सोलर प्लांट के साथ इसी पेट्रोल पंप परिसर में सहरसा जिले का पहला EV चार्जर भी शुरू किया गया है। इससे इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। अब ईवी वाहन मालिकों को वाहन चार्ज करने के लिए दूसरे स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सोलर पावर और ईवी चार्जिंग की यह संयुक्त पहल स्वच्छ ऊर्जा और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को एक साथ बढ़ावा देने वाली है।
दूसरे संस्थानों के लिए बन सकती है मिसाल
जिला प्रशासन की पहल पर शुरू हुई यह परियोजना सहरसा में हरित ऊर्जा की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत मानी जा रही है। इससे न केवल पेट्रोल पंप की बिजली जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, बल्कि ईवी इस्तेमाल करने वालों को भी स्थानीय स्तर पर चार्जिंग सुविधा मिलेगी। प्रशासन और व्यापारिक क्षेत्र की यह पहल जिले के दूसरे कारोबारियों और संस्थानों को भी सौर ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहनों से जुड़ी सुविधाएं अपनाने के लिए प्रेरित कर सकती है।
(सहरसा से इंद्रदेव की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नेपाल की तबाही पर छलका दर्द, मृतकों की आत्मा की शांति के लिए रखा गया एक मिनट का मौन

सोन नदी में आया सैलाब! 69 गेट खोलकर छोड़ा गया लाखों क्यूसेक पानी, निचले इलाके वालो हो जाइए सावधान







