खाते में पैसे सुरक्षित समझ रहे हैं? बिना ATM के बैंक खाते से निकाले पैसे, पासबुक में किया खेल
पूर्णिया में पासबुक में कथित हेरफेर कर बैंक काउंटर से खाताधारक के पैसे निकालने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया और फर्जी पासबुक बरामद की।


पूर्णिया: पूर्णिया में साइबर ठगी का एक नया तरीका सामने आया है। पुलिस ने ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर पासबुक में हेरफेर कर बैंक काउंटर से खाताधारक के पैसे निकालने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि निकासी के दौरान हस्ताक्षर का मिलान कैसे हुआ और कहीं बैंक स्तर पर किसी तरह की लापरवाही या मिलीभगत तो नहीं थी।
मामला पूर्णिया के चुनापुर इलाके का है। जानकारी के अनुसार, एक खाताधारक के बैंक खाते से भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा, पूर्णिया के काउंटर से राशि की निकासी कर ली गई। खाताधारक को जब अपने खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिली तो उन्होंने बैंक प्रबंधन से शिकायत की।
पासबुक एडिट कर काउंटर से निकासी का नया तरीका
खाताधारक की शिकायत मिलने के बाद बैंक प्रबंधक ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फर्जी तरीके से तैयार/हेरफेर की गई पासबुक बरामद की और इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे तरीके से कितने खाताधारकों को निशाना बनाया गया है।
सदर एसडीपीओ अभिनव पराशर ने बताया कि सीमांचल के इलाके में बैंक काउंटर से पासबुक में हेरफेर कर राशि निकालने का एक नया तरीका सामने आया है। इस मामले में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने पासबुक में किस तरह बदलाव किया और बैंक काउंटर पर निकासी की प्रक्रिया को कैसे पूरा किया गया।
सिग्नेचर का मिलान कैसे हुआ?
इस मामले में पुलिस के सामने सबसे अहम सवाल हस्ताक्षर के मिलान को लेकर है। खाताधारक के खाते से राशि निकाली गई तो बैंक की प्रक्रिया के तहत हस्ताक्षर का सत्यापन कैसे हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है। SDPO ने कहा कि पुलिस इस बिंदु समेत अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं इस मामले में बैंक स्तर से किसी तरह की लापरवाही या संलिप्तता तो नहीं है। हालांकि, अभी तक बैंक की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।
कई और मामलों की भी हो सकती है जांच
पुलिस को आशंका है कि पासबुक में हेरफेर कर बैंक काउंटर से पैसे निकालने का यह अकेला मामला नहीं हो सकता। जांच के दौरान ऐसे अन्य मामलों और संभावित पीड़ितों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तरीके से कितने खातों को निशाना बनाया गया और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं।
(पूर्णिया से गौरव गुप्ता की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नेपाल की तबाही पर छलका दर्द, मृतकों की आत्मा की शांति के लिए रखा गया एक मिनट का मौन

सोन नदी में आया सैलाब! 69 गेट खोलकर छोड़ा गया लाखों क्यूसेक पानी, निचले इलाके वालो हो जाइए सावधान







