दिल्ली से पटना लौटे निशांत कुमार, पहले नड्डा फिर नीतीश से मुलाकात; जानिए क्या हुई बात
दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अपने पिता नीतीश कुमार से भी मुलाकात की। दोनों बैठकों में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था और आगे की योजनाओं पर चर्चा हुई।


बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार रविवार को दिल्ली का दौरा पूरा करके पटना लौट। दिल्ली में निशांत कुमार ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की और बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर चल रहे कामों और आगे की योजनाओं पर चर्चा किया। इसके बाद उन्होंने अपने पिता नीतीश कुमार से भी मुलाकात की। अपने पिता से बात करते हुए बतौर स्वास्थ्य मंत्री के अब तक किए गए कामों की जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में आगे किए जाने वाले कामों को लेकर भी चर्चा की और पिता से मार्गदर्शन तथा आशीर्वाद लिया। इस दौरान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा भी मौजूद थे।
जेपी नड्डा से स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर हुई चर्चा
इससे पहले भी 8 अगस्त को निशांत कुमार ने नई दिल्ली में जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों के बीच बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चल रही योजनाओं पर विस्तार से बातचीत हुई। निशांत कुमार ने बिहार में रेफरल व्यवस्था को बेहतर करने, सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के विस्तार और ट्रॉमा सेंटरों के निर्माण से जुड़े कामों की सारी जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी। मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और अस्पतालों पर अनावश्यक दबाव कम करने को लेकर भी चर्चा हुई।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बिहार में लोगों को बेहतर और आसानी से स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, इसके लिए सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण पर भी काम कर रही है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य व्यवस्था की गुणवत्ता में लगातार सुधार करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
नीतीश कुमार से लिया मार्गदर्शन
दिल्ली दौरे के आखिरी दिन निशांत कुमार ने नीतीश कुमार से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने पिता को स्वास्थ्य विभाग में अब तक किए गए कामों और आने वाली योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। उन्होंने नीतीश कुमार के लंबे प्रशासनिक अनुभव और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी जिक्र करते हुए कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से उन्हें आगे बेहतर काम करने की प्रेरणा मिली है।
स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को ज्यादा सुलभ और बेहतर और बनाने की दिशा में काम जारी रहेगा। खास तौर पर ट्रॉमा सेंटर, सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं और रेफरल व्यवस्था को मजबूत करने पर अधिक जोर दिया जा रहा है। दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और फिर नीतीश कुमार से हुई इन मुलाकातों को बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े आगामी फैसलों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









