रॉयल्टी चालान की नई नीति से संवेदक संघ में आक्रोश गहराया : गुमला समाहरणालय पर प्रदर्शन, काम ठप करने की चेतावनी
गुमला समाहरणालय पर संवेदक संघ ने रॉयल्टी चालान की नई व्यवस्था और बकाया ACA फंड भुगतान की मांग को लेकर धरना दिया। उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन।

गुमला: जिला समाहरणालय परिसर में बुधवार को संवेदक संघ के बैनर तले जिले भर से आए संवेदकों ने एक दिवसीय धारणा प्रदर्शन किया। यह जोरदार प्रदर्शन राज्य सरकार द्वारा लागू की गई रॉयल्टी चालान की नई व्यवस्था और बकाए एसीए (ACA) फंड के भुगतान समेत नौ सूत्री मांगों को लेकर किया गया। नई नीति का विरोध करते हुए प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह नई नीति पूरी तरह से अव्यावहारिक है और इसके कारण जिससे विकास कार्यों की रफ्तार में काफी रुकावटें आ रही है और अगर आगे भी यही हाल रहा तो निर्माण कार्य पूरी तरह से ठप हो सकता है। जटिल नियमों का हवाला देते हुए विकास कार्य प्रभावित होने का किया दावा
धरने पर बैठे संवेदकों ने राज्य सरकार की नई व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। संघ के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रॉयल्टी चालान की वर्तमान व्यवस्था के चलते निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध कराना मुश्किल हो गया है। इसका सीधा असर योजनाओं की प्रगति पर पड़ रहा है और कई परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करना चुनौती बन गया है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि एसीए फंड का भुगतान लंबे समय से लंबित है,भुगतान में हो रही देरी के कारण कई निर्माण कार्य प्रभावित हुए हैं और जिले में चल रहे विभिन्न योजनाओं की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है। जिला उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी
समाहरणालय परिसर में विरोध जताने के बाद संवेदक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल जिला प्रशासन से मिला और उपायुक्त (DC) को अपनी नौ सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। संघ ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी कि यदि सरकार और स्थानीय प्रशासन ने उनकी मांगों पर जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो जिले भर में चल रहे सभी सरकारी व गैर-सरकारी निर्माण कार्यों को अनिश्चितकाल के लिए पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









