सड़क चाहिए... सड़क चाहिए!, गिरिडीह में सैकड़ों लोगों ने खोला मोर्चा, हेमंत सरकार को दी बड़ी चेतावनी
गिरिडीह गांडेय विधायक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के विधानसभा क्षेत्र में जर्जर सड़क को लेकर बुधवार को सैकड़ों अल्पसंख्यक युवा और ग्रामीण सड़क पर उतर आए।


Giridih: गिरिडीह गांडेय विधायक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के विधानसभा क्षेत्र में जर्जर सड़क को लेकर बुधवार को सैकड़ों अल्पसंख्यक युवा और ग्रामीण सड़क पर उतर आए। सदर प्रखंड के तेलोडीह में लोगों ने गिरिडीह जिला प्रशासन और हेमंत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए लंबी मानव श्रृंखला बनाई। प्रदर्शनकारियों ने सड़क की जल्द मरम्मत और निर्माण की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
तेलोडीह से लेकर पेट्रोल पंप और फॉरेस्ट ऑफिस तक बनाई गई इस मानव श्रृंखला में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में ‘हक चाहिए, सड़क चाहिए’ और ‘हेमंत सरकार ध्यान दो’ जैसे नारे लिखी तख्तियां थीं।

दो साल से जर्जर है सड़क, अब तक नहीं शुरू हुआ निर्माण
मानव श्रृंखला का नेतृत्व तेलोडीह के मुखिया शब्बीर आलम ने किया। उन्होंने कहा कि गिरिडीह-जमुआ रोड पर तेलोडीह की सड़क पिछले करीब दो वर्षों से बेहद खराब स्थिति में है। सड़क की हालत को लेकर लगातार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
मुखिया ने दावा किया कि सड़क निर्माण को लेकर अनुमति भी मिल चुकी है, इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। उन्होंने प्रशासन और सरकार से मांग की कि अगले 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण का काम शुरू कराया जाए।

स्कूली बच्चों से लेकर कांवड़ियों तक को परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चे भी खराब सड़क के कारण गिरकर घायल हो रहे हैं। वहीं श्रावणी मेले के दौरान इस रास्ते से बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ियों का भी आवागमन हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क की स्थिति जल्द नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

15 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
मानव श्रृंखला के जरिए लोगों ने प्रशासन और सरकार तक अपनी नाराजगी पहुंचाई। स्थानीय लोगों ने स्पष्ट किया कि वे लंबे समय से सड़क निर्माण की उम्मीद कर रहे हैं। अब उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर काम शुरू होता हुआ दिखाई देना चाहिए।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गिरिडीह पुलिस ने सुलझाई भाजयुमो कार्यकर्ता मिथिलेश यादव मर्डर मिस्ट्री, सड़क हादसा दिखाने की थी खौफनाक साजिश, 2 गिरफ्तार

OMR शीट खोलेगी JPSC परीक्षा का राज!, CID ने 3 सफल अभ्यर्थियों को 5 दिन की रिमांड पर लिया







