निकाय चुनाव 2026 : गिरिडीह के तीनों निकाय में 29 जनवरी से नॉमिनेशन, नहीं होगा नोटा का विकल्प
झारखंड में निकाय चुनाव को लेकर बिगुल बज चुका है. गिरिडीह जिले के तीन नगर निकायों के लिए 23 फरवरी को मतदान होंगे, वहीं 27 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे. इस नगर पालिका चुनाव में नोटा का ऑप्शन नहीं होगा. चुनाव की घोषणा होते ही नगर पालिका क्षेत्र में आदर्श अचार संहिता लागू हो गई है.


JHARKHAND(GIRIDIH) : झारखंड में निकाय चुनाव को लेकर बिगुल बज चुका है. गिरिडीह जिले के तीन नगर निकायों के लिए 23 फरवरी को मतदान होंगे, वहीं 27 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे. इसकी जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी राम निवास यादव ने दी है. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगी.
नोटा का नहीं होगा विकल्प
बताते चलें कि इस नगर पालिका चुनाव में नोटा का ऑप्शन नहीं होगा. चुनाव की घोषणा होते ही नगर पालिका क्षेत्र में आदर्श अचार संहिता लागू हो गई है. नगर निकाय चुनाव को लेकर 28 जनवरी को निर्वाचन की सूचना प्रकाशित की जाएगी. वहीं नामंकन 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक किया जाएगा. 28 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक चुनाव प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी.
गिरिडीह नगर निगम में हैं कुल 36 वार्ड शामिल
समाहरणालय के सभा कक्ष में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि गिरिडीह जिले के बड़की सरैया नगर पंचायत में कुल 12 वार्ड हैं, जिसमें पुरुष और महिला मतदाता की संख्या 14,436 है. इसी प्रकार धनवार नगर पंचायत में कुल 11 वार्ड हैं. यहाँ भी पुरुष और महिला मतदाता की संख्या 12,396 है. वहीं शहरी क्षेत्र के गिरिडीह नगर निगम में कुल 36 वार्ड शामिल हैं, जिसमें महिला व पुरुष मतदाता की संख्या 1,50,992 है जो निकाय चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
महापौर पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित
गिरिडीह नगर निगम में महापौर पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है. वहीं बड़की सरैया और धनवार नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए महिला के लिए अनारक्षित किया गया है. चुनाव बैलेट पेपर से होगा. उन्होंने बताया कि बज्रगृह एवं मतगणना स्थल क़ृषि उत्पादन बाजार समिति के रूप में चिन्हित किया गया है. मौक़े पर मौजूद आरक्षी अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने बताया निर्भीक एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए जिले में पर्याप्त संख्या में बल मौजूद हैं. किसी भी अर्धसैनिक बल की जरुरत नहीं है. प्रेस वार्ता में डीडीसी स्मिता कुमारी, एसडीएम श्रीकांत, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती भी मौजूद थीं.
रिपोर्ट : मनोज कुमार पिंटू

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सावधान ! राजधानी Ranchi में कचरा फैलाया तो अब खैर नहीं....नगर निगम की आप पर होगी कड़ी नजर

गिरिडीह के सरिया में सड़क हादसा, युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने की आवाजाही बाधित






