रांची में प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस का बड़ा आयोजन, प्रभारी के. राजू और अभिनेत्री कोनिका सदानंद होंगी मुख्य अतिथि, जुटेंगे दिग्गज
रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में सोमवार को ‘झारखंड थिंक फ्यूचर कॉन्क्लेव’ होगा। कांग्रेस प्रभारी के. राजू और अभिनेत्री कोनिका सदानंद समेत विशेषज्ञ व दिग्गज झारखंड के विकास और भविष्य पर चर्चा करेंगे।

Ranchi: प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को राजधानी रांची स्थित होटल बीएनआर चाणक्य में ‘झारखंड थिंक फ्यूचर कॉन्क्लेव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस राज्यस्तरीय कॉन्क्लेव में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, प्रतिष्ठित प्रोफेशनल्स और गणमान्य हस्तियां एक मंच पर जुटकर झारखंड की प्रगति, सतत विकास और भविष्य के रोडमैप पर अपने विचार व सुझाव साझा करेंगे।
विशेषज्ञों के अनुभवों से तय होगी विकास की नई दिशा
प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस के संयोजक सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस के महासचिव आदित्य विक्रम जायसवाल ने रविवार को कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों के प्रबुद्ध पेशेवरों और विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करना है, ताकि राज्य के समग्र विकास के लिए नए विचारों, असीम संभावनाओं और भविष्योन्मुखी रणनीतियों पर सार्थक विमर्श हो सके। उन्होंने कहा कि प्रोफेशनल्स के नवाचार, अनुभव और तकनीकी विशेषज्ञता राज्य की नीतियों और विकास को नई गति देने में मील का पत्थर साबित होंगे।
कांग्रेस प्रभारी के. राजू मुख्य अतिथि, अभिनेत्री कोनिका सदानंद भी रहेंगी मौजूद
इस उच्चस्तरीय कॉन्क्लेव में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू शिरकत करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर अभिनेत्री एवं अधिवक्ता कोनिका सदानंद उपस्थित रहेंगी। इनके अलावा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और विधायक राजेश कच्छप सहित संगठन के कई वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश पदाधिकारी कार्यक्रम में भाग लेंगे। साथ ही कांग्रेस कोटे के कैबिनेट मंत्री दीपिका पांडे सिंह और डॉ. इरफान अंसारी के अलावा विधायक शिल्पी नेहा तिर्की और वरिष्ठ नेता राधाकृष्ण किशोर को भी इस परिचर्चा के लिए आमंत्रित किया गया है।
छऊ नृत्य से होगा अतिथियों का स्वागत, तैयारियां पूरी
कॉन्क्लेव के सफल संचालन और रूपरेखा को लेकर रविवार को बीएनआर चाणक्य होटल में प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रमुख पदाधिकारियों की एक अहम बैठक हुई, जिसमें सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। आयोजन को सांस्कृतिक भव्यता देने के लिए आगंतुकों और अतिथियों का स्वागत पारंपरिक छऊ नृत्य की प्रस्तुति के साथ किया जाएगा। वहीं आयोजन को लेकर राजधानी के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर आकर्षक तोरण द्वार, होर्डिंग्स और स्टैंडी लगाए गए हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बेड के नीचे छिपाकर रखा था देसी कट्टा, पलामू पुलिस ने हैदरनगर से 2 अपराधियों को दबोचा

रांची के बेड़ो में कुएं से मिला 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव, 8-10 दिन पुराना होने की आशंका







