MP: बाड़ी में ईद-उल-अजहा को लेकर हाई अलर्ट, शांति समिति की बैठक में आमने-सामने हुए मुस्लिम समाज के दो गुट
एमपी के बाड़ी में बकरीद को लकर आयोजित शांति समिति की बैठक में माहौल गर्मा गया. मुस्लिम समाज के दो गुट एक दूसरे के आमने सामने आ गए. इस बीच प्रशासन को बीच में हस्तक्षेप करना पड़ा. अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि...

Bari, Raisen / MP (Report By- Jeetmal Jain): आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर बाड़ी में आयोजित शांति समिति की बैठक उस समय बेहद संवेदनशील और चर्चित बन गई, जब मुस्लिम समाज के दो गुटों के बीच त्योहार की व्यवस्थाओं और कुर्बानी को लेकर खुलकर मतभेद सामने आए. बैठक के दौरान माहौल इतना गर्मा गया कि प्रशासन को बीच में हस्तक्षेप करना पड़ा. अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि शहर की शांति और कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
नगर में शांति और सौहार्द बनाए रखने को लेकर आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में एसडीएम संतोष मुद्गल, एसडीओपी नीलम चौधरी, थाना प्रभारी राजेश तिवारी, सुनील शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शांति समिति सदस्य एवं दोनों समुदायों के लोग मौजूद रहे.
प्रशासन का अल्टीमेटम- समय रहते फैसला लो, नहीं तो...
बैठक के दौरान मुस्लिम समाज के दो पक्षों के बीच त्योहार आयोजन, कुर्बानी की व्यवस्था और स्थानों को लेकर लंबी बहस चली. दोनों गुट अपनी-अपनी बात पर अड़े नजर आए, जिससे कुछ समय के लिए बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया. स्थिति को देखते हुए एसडीएम संतोष मुद्गल ने कड़े तेवर अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि समाज के लोग आपसी सहमति से तत्काल निर्णय लें. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा तक सहमति नहीं बनती है तो प्रशासन स्वयं निर्णय लेकर उसी आधार पर व्यवस्थाएं लागू करेगा.

मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को बताया कि भोपाल से समाज की कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी आने वाले हैं, जिनसे चर्चा के बाद शाम तक अंतिम निर्णय प्रशासन को अवगत करा दिया जाएगा. इस पर प्रशासन ने सख्त लहजे में कहा कि “शाम तक स्थिति स्पष्ट कर दीजिए, अन्यथा प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ेगा.”
हिंदू पक्ष ने भी जताया विरोध
बैठक में हिंदू पक्ष के लोगों ने भी अपनी आपत्ति खुलकर रखी. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से बकरीद पर पांड़े , बोदे,की क्षेत्र में की जा रही कुर्बानी का लगातार विरोध होता रहा है और इस बार भी लोगों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को इस विषय में स्पष्ट एवं सख्त निर्णय लेना चाहिए. हिंदू पक्ष ने कहा कि किसी भी ऐसी गतिविधि की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए जिससे नगर का माहौल खराब हो या सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो.
संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की रहेगी विशेष निगरानी
कुर्बानी को लेकर प्रशासन ने साफ निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित नियमों और मर्यादाओं के तहत ही होंगी. किसी भी सार्वजनिक स्थान, सड़क, गली या संवेदनशील इलाके में खून, मांस अथवा अन्य अवशेष पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान नगर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की विशेष निगरानी रहेगी.
सोशल मीडिया को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया. एसडीओपी नीलम चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, आपत्तिजनक फोटो, वीडियो या धार्मिक भावनाएं भड़काने वाला कंटेंट साझा करता पाया गया तो उसके खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि साइबर टीम लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी बनाए हुए है.
त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद- थाना प्रभारी
वहीं थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने कहा कि पुलिस प्रशासन त्योहार को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है और माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने सभी समुदायों से भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की. पूरी बैठक के दौरान प्रशासन का सख्त और स्पष्ट रुख देखने को मिला. अधिकारियों ने साफ संकेत दे दिए कि बाड़ी में त्योहार केवल शांति और कानून व्यवस्था के दायरे में ही मनाया जाएगा और यदि किसी ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो प्रशासन तत्काल कठोर कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

भोजशाला में 721 वर्षों में पहली बार हिंदू समुदाय की एंट्री, धार में अलर्ट मोड पर जिला प्रशासन

ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले की निष्पक्ष जांच की उठ रही मांग, अधिवक्ता विवेक तिवारी ने CJI को लिखा पत्र







