Motihari: जिलाधिकारी की अनोखी पहल! अब पंचायत स्तर पर होगी अनुमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक
अनुमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक अब स्थानीय स्तर पर पंचायत सरकार भवनों में आयोजित की जा रही है।

Motihari, Bihari: पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने के उद्देश्य से एक नई पहल शुरू की है, जिसके तहत अनुमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक अब स्थानीय स्तर पर पंचायत सरकार भवनों में आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को बंजारिया प्रखंड के सिसवा पूर्वी पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन के सभा कक्ष में सदर अनुमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में बंजारिया, मोतिहारी सदर, तुरकौलिया, कोटवा, सुगौली और पिपराकोठी प्रखंडों के बीडीओ, सीओ, आवास पर्यवेक्षक, मनरेगा पीओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने एक-एक कर सभी विभागों की योजनाओं की समीक्षा की और उनकी प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। समीक्षा के दौरान षष्ठम एवं पंद्रहवीं वित्त आयोग, ग्रामीण आवास योजना, पेयजल, मनरेगा, जन वितरण प्रणाली, शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं के साथ-साथ दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्रों की स्थिति पर रिपोर्ट तलब की गई।
बैठक के दौरान आम लोगों के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को जिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य में सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत डीएम सौरभ जोरवाल, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिंहा, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, एसडीएम निशांत सिहारा एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता प्रीति सिंह ने पंचायत सरकार भवन के समीप स्थित पार्क, लाइब्रेरी और तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत की मुखिया तान्या प्रवीण से सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने मुखिया द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अन्य पंचायत प्रतिनिधियों को भी इसी तरह जनकल्याण और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उल्लेखनीय है कि मुखिया तान्या प्रवीण को प्रधानमंत्री द्वारा जल संचयन और जनहित कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है।
Report By - Pratik Singh
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नालंदा में खेत में पड़ा मिला युवक का शव, पुलिस ने कहा- ड्रग्स ओवरडोज से हुई मौत

मोतिहारी में करोड़ों के गांजा रैकेट पर पुलिस का बड़ा वार, लग्जरी कार से 22 पैकेट गांजा किया बरामद







