दो बच्चों की मां चढ़ी चार लाख वोल्ट के टावर पर! प्रेमी संग भगाने का आरोप, बेटों की पुकार सुन पिघल गया दिल
हाई वोल्टेज टावर पर चढ़ी एक महिला को देखकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लेकिन कुछ देर बाद जो हुआ, उसने मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं।


सीवान: भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त हलचल मच गई, जब दो बच्चों की मां अचानक 4 लाख वोल्ट वाली हाई वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइन के टावर पर चढ़ गई। टावर की ऊंचाई पर महिला को खड़ा देखकर आसपास के लोगों की सांसें थम गईं और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा होती गई। घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर हाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए घंटों तक समझाने का प्रयास किया गया। आखिरकार लंबी मशक्कत के बाद महिला सुरक्षित नीचे उतर आई और एक बड़ा हादसा होते - होते गया।
जब बच्चों की पुकार सुनकर पिघला मां का दिल...
घटना की जानकारी मिलते ही महिला का पति दीपक मांझी अपने पांच और तीन साल के दोनों बेटों को लेकर घटनास्थल पर पहुंच गया। टावर पर खड़ी मां को देखकर दोनों मासूम लगातार रोते रहे और हाथ जोड़कर नीचे आने की गुहार लगा रहे थे । बच्चों की मासूम आवाज सुनकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। कई लोगों ने महिला से बच्चों का हवाला देकर नीचे उतरने की अपील भी की। काफी देर के बाद महिला आखिरकार टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई।
पति ने लगाए गंभीर आरोप, प्रेम प्रसंग का भी किया जिक्र
पुलिस के अनुसार महिला की पहचान गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली मूरत देवी के रूप में हुई है। हालांकि उनका मायका सीवान के सहसराव गांव में है और वह अपने किसी रिश्तेदार के यहां आई हुई थीं। घटना के बाद महिला के पति दीपक मांझी ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी पहले भी अपने कथित प्रेमी के साथ घर छोड़कर जा चुकी है। काफी समझाने के बाद वह वापस लौटी थी, लेकिन बाद में फिर कुछ नकद और आभूषण लेकर चली गई। पति का दावा है कि पत्नी हमेशा अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रहती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी महिला आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है। अभी तक इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने क्या कहा?
थाना अध्यक्ष ने बताया कि महिला को पूरी तरह सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और उसकी स्थिति बिल्कुल सामान्य है। उन्होंने कहा कि यदि विद्युत विभाग की ओर से लिखित शिकायत मिलती है, तो कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। समय रहते महिला के सुरक्षित नीचे उतर आने से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

EO विमल कुमार हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोले चौंकाने वाले राज, बिहार सरकार का बड़ा फैसला!

दूसरी पत्नी को पेंशन मिलने पर पटना हाई कोर्ट का बड़ा फ़ैसला!







