Patna: युवा बनेंगे हुनरमंद और आत्मनिर्भर, मंत्री संजय सिंह ने दिए 'एक करोड़ रोजगार' लक्ष्य के निर्देश
पटना में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री संजय सिंह (टाइगर) ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल विकास और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण पर जोर दिया. उन्होंने अधिकारियों को जिला स्तर पर नियमित रोजगार मेले लगाने और एक करोड़ रोजगार का लक्ष्य हासिल करने के सख्त निर्देश दिए.

Bihar (Patna): बिहार के युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ राज्य सरकार ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है. शुक्रवार को पटना स्थित नियोजन भवन के प्रतिबिंब सभागार में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की अध्यक्षता विभागीय मंत्री संजय सिंह (टाइगर) ने की.
रोजगार मेलों और प्रशिक्षण पर जोर
बैठक के दौरान मंत्री ने स्पष्ट किया कि युवाओं को केवल प्रशिक्षण देना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें सीधे बाजार की जरूरतों के हिसाब से रोजगार के अवसरों से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला स्तर पर नियमित रोजगार मेले और विशेष नियोजन मेलों का आयोजन किया जाए. मंत्री ने 'एक करोड़ रोजगार' देने के महात्वाकांक्षी लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि नियुक्ति के बाद भी युवाओं का 'फॉलो-अप' (अनुश्रवण) किया जाए ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे कार्यस्थल पर सफलतापूर्वक टिके हुए हैं.
गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं
प्रशिक्षण केंद्रों की स्थिति पर नाराजगी जाहिर करते हुए मंत्री ने कहा कि कौशल विकास का उद्देश्य केवल सर्टिफिकेट बांटना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार योग्य बनाना है. उन्होंने बिहार कौशल विकास मिशन और कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) केंद्रों के नियमित निरीक्षण के आदेश दिए. उन्होंने चेतावनी दी कि मानकों का पालन न करने वाले केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ITIs और तकनीकी संस्थानों का कायाकल्प
समीक्षा में राजकीय आई.टी.आई (ITI) और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की प्रगति पर भी चर्चा हुई. मंत्री ने संस्थानों में खाली सीटों को भरने के लिए विशेष अभियान चलाने और आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए. बैठक में विभाग के सचिव डॉ. कौशल किशोर, निदेशक सुनील कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें योजनाओं के प्रचार-प्रसार को कॉलेजों तक ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
रिपोर्ट: हरीश नंदन
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बिहार की राजनीति में नया उदय, CM की गद्दी की रेस, अभय गिरी पर चर्चा तेज

बक्सर में शादी का झांसा देकर जेवर-नकदी ठगने वाले लुटेरी दुल्हन गिरोह का भंडाफोड़, 9 गिरफ्तार







