मोतिहारी में हथियारों का ‘जखीरा’! 5 पिस्टल, 10 मैगजीन के साथ झोला लेकर पहुंचा था सप्लाई करने
मोतिहारी पुलिस ने मजुराहा फायरिंग रेंज के पास कार्रवाई कर एक कथित हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उसके पास से 5 पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन बरामद हुई हैं। अब पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।


मोतिहारी: मोतिहारी पुलिस को हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 19 अगस्त 2026 को मजुराहा फायरिंग रेंज के पास छापेमारी कर हथियारों की सप्लाई करने पहुंचे एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्कर के पास से 5 पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन बरामद की गई हैं।
बताया जाता है कि मोतिहारी पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ हथियार तस्कर पूर्वी चंपारण के अलावा सीवान, गोपालगंज समेत आसपास के जिलों में सक्रिय हैं और बड़े पैमाने पर हथियारों की तस्करी कर रहे हैं। इस सूचना के बाद मोतिहारी पुलिस की एक विशेष टीम करीब डेढ़ महीने से हथियार तस्करी के नेटवर्क पर नजर बनाए हुए थी।
झोले की तलाशी में मिले हथियार
इसी दौरान 19 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक हथियार तस्कर भारी मात्रा में हथियार लेकर मजुराहा फायरिंग रेंज के समीप किसी व्यक्ति को सप्लाई करने पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सदर SDPO दिलीप कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की। टीम ने निर्धारित स्थान पर घेराबंदी कर झोला लेकर पहुंचे एक संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम मो. अहमद, पिता नूर मोहम्मद, निवासी मुस्तफापुर, थाना विभूतिपुर, जिला समस्तीपुर बताया। उसके पास मौजूद झोले की तलाशी लेने पर हथियारों का जखीरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से 5 पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन बरामद कर जब्त कर लिया।
दूसरे आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार हथियार तस्कर का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पूछताछ के दौरान उसने हथियार तस्करी से जुड़े कई तस्करों और सप्लायरों के नाम का खुलासा किया है। अब पुलिस इन खुलासों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था। हथियार तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि पूछताछ के आधार पर हथियार तस्करी से जुड़े नेटवर्क में आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

BREAKING: शिक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के घर EOU की रेड!

कैमूर में नए DM की एंट्री, शपथ लेते ही बताया क्या होगा सबसे बड़ा फोकस







