फर्जी डिजिटल सिग्नेचर से सरकारी दस्तावेज बनाने का भंडाफोड़, Motihari में कई Cyber Cafe पर छापेमारी
मोतिहारी में फर्जी कागजात के आधार पर सरकारी दस्तावेज तैयार किए जाने की सूचना पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न साइबर कैफे में छापेमारी की.

Bihar (East Champaran): पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी शहर में फर्जी कागजात के आधार पर सरकारी दस्तावेज तैयार किए जाने की सूचना पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. सदर एसडीएम अरुण कुमार के नेतृत्व में साइबर डीएसपी अभिनव पाराशर सहित प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न साइबर कैफे में छापेमारी की.
कार्रवाई के दौरान भवानीपुर जीरात, स्टेशन चौक, चांदमारी बलुआ समेत कई इलाकों में संचालित साइबर कैफे की गहन जांच की गई. प्रशासन को सूचना मिली थी कि तीन वर्ष पूर्व तबादला हो चुके एक पदाधिकारी के डिजिटल सिग्नेचर का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से विभिन्न प्रकार के सरकारी दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे.
सूचना मिलते ही एसडीएम ने इसकी जानकारी जिलाधिकारी को दी, जिसके बाद विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम में सदर डीएसपी, साइबर डीएसपी, प्रशिक्षु डीएसपी के साथ नगर थाना और छतौनी थाना की पुलिस भी शामिल रही.
छापेमारी के दौरान कई साइबर कैफे से फर्जी दस्तावेज तैयार करने से संबंधित डिजिटल सामग्री बरामद की गई. साइबर पुलिस को बड़ी संख्या में संदिग्ध और फर्जी दस्तावेज भी मिले हैं. प्रशासन की ओर से संबंधित कंप्यूटर, हार्ड डिस्क व अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं और कुछ साइबर कैफे को सील करने की प्रक्रिया जारी है.
एसडीएम अरुण कुमार ने बताया कि शहर के विभिन्न साइबर कैफे के विरुद्ध लगातार गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही थीं. प्रारंभिक जांच में गंभीर अनियमितताओं के संकेत मिले हैं. पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल छापेमारी टीम जांच और जब्ती की प्रक्रिया में जुटी हुई है. मामले के सामने आने के बाद शहर में हड़कंप की स्थिति है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

UP के पीलीभीत जनपद में पति ने पत्नी की नाक काटकर कर दी अलग ! जानें क्या हैं पूरा मामला

नवादा के लाल सूरज कुमार ने CGL में लहराया परचम, बने सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर







