देखें PHOTO! : मुरी में टला बड़ा रेल हादसा! बेपटरी हुई इतवारी-मधुपुर मेला स्पेशल ट्रेन, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
इतवारी-मधुपुर मेला स्पेशल ट्रेन शनिवार की देर रात एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई।


Ranchi: इतवारी-मधुपुर मेला स्पेशल ट्रेन शनिवार की देर रात एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। शनिवार रात करीब 1:45 बजे मुरी स्टेशन के समीप यह स्पेशल ट्रेन बेपटरी हो गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।


घटना के तुरंत बाद रेलवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद तड़के सुबह करीब 5 बजे ट्रेन को वापस पटरी पर लाकर आगे के लिए रवाना कर दिया। घटना के बाद से ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मुरी में रेल पटरी को दुरुस्त करने और हादसे के कारणों की गहन जांच में जुटी हुई है।

DRM समेत दर्जनों अधिकारी जांच में जुटे, सुबह 5 बजे रवाना हुई ट्रेन
ट्रेन बेपटरी होने की खबर मिलते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के DRM, मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार पांडे, सहायक सुरक्षा आयुक्त, सीनियर DEN, मुरी OP और GRP समेत दर्जनों अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।


अधिकारियों की देखरेख में रेलवे की मेडिकल और रेस्क्यू टीमों ने तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया। महज कुछ ही घंटों के भीतर सुबह 5 बजे तक बोगियों को पुनः पटरी पर लाकर सुरक्षित तरीके से रवाना कर दिया गया। फिलहाल अधिकारी मौके पर मुआयना कर जांच की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं।


प्वाइंट बदलने के दौरान दो बोगियां उतरीं पटरी से
घटनाक्रम के संबंध में बताया जा रहा है कि रांची की दिशा से आ रही ट्रेन जैसे ही मुरी स्टेशन से आगे निकली, नॉर्थ में बंद लेवल क्रॉसिंग के पास पटरी बदलने के क्रम में यह हादसा हुआ। जैसे ही ट्रेन ने प्वाइंट बदला, उसकी दो बोगियां अचानक अनियंत्रित होकर पटरी से उतर गईं। बोगियों के बेपटरी होते ही यात्रियों में थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत रही कि ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित थी और किसी को भी चोट नहीं आई।

जांच में सामने आई हैरान करने वाली वजह, सियार के कारण हुआ हादसा
रेलवे की जांच टीम लगातार दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। हालांकि प्रारंभिक जांच में जो बात निकलकर सामने आ रही है, वह काफी हैरान करने वाली है। जांच टीम के अनुसार, जिस समय ट्रेन गुजर रही थी, उसी दौरान एक सियार रेलवे लाइन पार करने की कोशिश कर रहा था।

ट्रेन के पटरी बदलने के दौरान प्वाइंट के बीच मौजूद गैप में सियार का सिर फंस गया। इसी वजह से पटरी बदलने की पूरी प्रक्रिया बाधित हो गई और ट्रेन की दो बोगियां बेपटरी हो गईं। फिलहाल रेलवे प्रशासन पूरे मामले की तकनीकी जांच कर रहा है।


specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'विरोध के बीच झारखंड को दी अलग राज्य की सौगात!', भारत रत्न अटलजी की पुण्यतिथि पर नमन, BJP ने लिया संकल्प

कोडरमा के उदित मौत मामले में नया मोड़, केस की फाइल अब CID के हवाले, परिजनों ने कहा- 'यह सुसाइड नहीं, मर्डर है!'







