गिरिडीह में धूमधाम से मनाया गया भगवान राम–सीता विवाह, भव्य राम बारात ने मोहा मन
गिरिडीह में भगवान राम और माता सीता का शुभ विवाह बड़े धूमधाम और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। कुटिया महावीर मंदिर से निकली भव्य राम बारात ने शहर का भ्रमण किया, जबकि देर रात वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान का दिव्य विवाह संपन्न हुआ.

JHARKHAND (GIRIDIH): गिरिडीह में बुधवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम और जनकनंदिनी माता सीता के दिव्य विवाह का आयोजन बड़ी धार्मिक श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। जिले के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही विशेष कार्यक्रमों की शुरुआत हुई, जहां रामचरित मानस का पाठ और भक्ति गीतों की गूंज सुनाई दी.
शाम होते ही कुटिया गली रोड स्थित कुटिया महावीर मंदिर से भव्य राम बारात निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त बाराती बने. बारात में शामिल कलाकारों ने राम, सीता, लक्ष्मण और अन्य देवी–देवताओं की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. जगह–जगह आतिशबाजी और पुष्पवर्षा कर भक्तों ने बारात का स्वागत किया.

शहर भ्रमण के बाद राम बारात पुनः मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखध्वनि और पवित्र अनुष्ठानों के बीच भगवान राम और माता सीता का विवाह संपन्न हुआ. कलाकारों द्वारा राम और सीता के रूप में वरमाला डालने का दृश्य देखते ही वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठा. जय सियाराम और जय श्री राम के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा. देर रात तक चले इस आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और दिव्य क्षणों के साक्षी बने.
(रिपोर्ट - मनोज कुमार पिंटू)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

तोहफे में झाड़ू लेकर भी.. क्यों खुश नजर आ रहीं रांची मेयर रोशनी खलखो

OBC आरक्षण के साथ पहली बार झारखंड में पंचायत चुनाव, तय समय पर चुनाव कराने की झारखंड सरकार की तैयारी






