सिर्फ आधे घंटे की बारिश और 'तालाब' बन गया कलेक्ट्रेट! पहली ही बारिश में खुली नगर परिषद की तैयारी की पोल
मानसून की पहली तेज बारिश में शेखपुरा समाहरणालय, अनुमंडल कार्यालय और वकालतखाना परिसर जलमग्न हो गए। पहली ही बारिश में नगर परिषद की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं।


मानसून की पहली जोरदार बारिश ने शेखपुरा नगर परिषद की तैयारियों की असलियत को उजागर कर दिया। करीब आधे घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई महत्वपूर्ण सरकारी दफ्तरों के बाहर पानी भर गया। सबसे ज्यादा दिक्कत समाहरणालय, अनुमंडल कार्यालय, निबंध कार्यालय और विधिज्ञ संघ (वकालतखाना) परिसर में देखने को मिली, जहां की सड़कें पूरी तरह से तालाब में बदल गईं।
कलेक्ट्रेट से VIP रोड तक जलजमाव
बारिश के बाद समाहरणालय परिसर में पानी भर गया है। इसी तरह, जिला सहकारिता कार्यालय के सामने भी जलभराव की स्थिति बन गई है। VIP रोड पर नाले का गंदा पानी बहने लगा है, जिससे कार्यालय आने-जाने वाले कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पहली बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की असलियत को उजागर कर दिया है, जिससे नगर परिषद की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं।
किसानों के लिए राहत, नगर परिषद पर उठे सवाल
जहां एक तरफ शहर में जलजमाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं दूसरी तरफ किसानों के चेहरे पर खुशी की लहर है। अच्छी बारिश से धान की रोपाई में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। इस बीच, जलजमाव को लेकर विधिज्ञ संघ के पूर्व सचिव विपिन सिंह ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हर साल बारिश के दौरान ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन पूर्व अनुभवों से सीख लेकर स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते। यही कारण है कि पहली ही बारिश में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब सवाल यह है कि क्या नगर परिषद इस समस्या का स्थायी समाधान निकाल पाएगी, या हर मानसून में शहरवासियों को इसी तरह जलजमाव की दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा?
(शेखपुरा से रंजन कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बिजली बनी काल! करंट की चपेट में बिहार पुलिस जवान, रेलकर्मी और किसान की मौत

अब पंचायतों में मिलेगा 'मिनी सचिवालय' का लाभ! एक ही छत के नीचे आधार, RTPS समेत कई सरकारी सेवाएं







