रातभर सफर कर UP से झारखंड पहुंचीं 2 नाबालिग बहनें, बोकारो स्टेशन पर भटकते देख एक्शन में आई पुलिस
यूपी से घर छोड़कर बोकारो पहुंचीं दो नाबालिग बहनों को पुलिस ने रेलवे स्टेशन के बाहर से सुरक्षित बरामद किया। पुलिस ने परिजनों और यूपी पुलिस से संपर्क कर सूचना दी।

Bokaro: उत्तर प्रदेश से भागकर झारखंड पहुंचीं दो नाबालिग लड़कियों को बोकारो पुलिस की तत्परता से सुरक्षित बचा लिया गया है। जानकारी के अनुसार, दोनों लड़कियां यूपी में मुगलसराय के पास स्थित एक गांव की रहने वाली हैं। परिवार में हुए किसी घरेलू विवाद और अनबन से आहत होकर दोनों ने घर छोड़ने का खतरनाक फैसला ले लिया। वे बीती रात बिना किसी को बताए पास के स्टेशन से एक ट्रेन में सवार हो गईं। रातभर के सफर के बाद जब सुबह उनकी आंख खुली, तो वे खुद को अनजान शहर यानी बोकारो स्टेशन पर पाकर पूरी तरह घबरा गईं।
स्टेशन के बाहर भटकते देख पुलिस को हुआ शक
सुबह के वक्त दोनों बच्चियां बोकारो रेलवे स्टेशन के बाहर काफी देर से लाचार और सहमी हुई हालत में भटक रही थीं। स्टेशन परिसर के आसपास दो नाबालिग लड़कियों की संदिग्ध आवाजाही की खबर सीधे मुख्यालय DSP पवन कुमार तक पहुंची। सूचना मिलते ही उन्होंने मामले की संवेदनशीलता को समझा और बिना एक पल गंवाए बालीडीह थाना पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
बालीडीह पुलिस ने थाने लाकर परिजनों को दी सूचना
DSP के निर्देश पर बालीडीह थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों को अपनी सुरक्षा में लेकर थाने ले आई। थाने में महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में दोनों को ढांढस बंधाया गया और पानी-नाश्ता कराकर पूरी बात जानी गई। पूछताछ में जब परिजनों के पते और फोन नंबर की जानकारी मिली, तो पुलिस ने तुरंत उनके घर वालों और संबंधित UP पुलिस से संपर्क साधा। अपनी खोई हुई बेटियों के सुरक्षित मिलने की खबर सुनते ही परिजनों ने राहत की सांस ली।
लापरवाही पर नपेंगे थानेदार, मिसिंग केस पर SP का सख्त रुख
DSP पवन कुमार ने स्पष्ट किया कि बोकारो पुलिस गुमशुदगी और मिसिंग केस को लेकर बेहद गंभीर है। जिले के सभी थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों के शत-प्रतिशत और त्वरित निष्पादन के कड़े निर्देश दिए गए हैं। पुलिस कप्तान (SP) की ओर से साफ चेतावनी दी गई है कि बच्चों और महिलाओं से जुड़े गुमशुदगी के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'झारखंड के 2119 वेटलैंड्स का बदलेगा स्वरूप!,' CM हेमंत सोरेन की हाईलेवल बैठक में बड़े फैसलों पर लगी मुहर

राज्यपाल के आदेश से जारी हुई अधिसूचना, झारखंड के 22 शिक्षा पदाधिकारियों का कद और वेतनमान दोनों बढ़ा







