कार्तिक की गुहार और DC का तुरंत एक्शन!, रांची जनता दरबार में ऑन-द-स्पॉट मिली इलेक्ट्रिक ट्राई-साइकिल
Ranchi: समाहरणालय में बुधवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जहां जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों से पहुंचे लोगों ने जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के सामने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं।


Ranchi: समाहरणालय में बुधवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जहां जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों से पहुंचे लोगों ने जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के सामने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। DC ने सभी फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में सबसे भावुक मामला पैर से दिव्यांग कार्तिक खलखो का रहा। उन्होंने आवागमन में परेशानी का हवाला देते हुए इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। कार्तिक ने बताया कि शारीरिक अक्षमता के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों में काफी परेशानी होती है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है और उनकी पत्नी घर की जिम्मेदारियों के साथ मजदूरी कर परिवार चलाने में मदद करती हैं।
कार्तिक की परेशानी सुनने के बाद DC ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल की चाबी सौंप दी। साथ ही दिव्यांगता पेंशन के लिए भी उनका आवेदन लिया गया। ट्राई साइकिल मिलने के बाद कार्तिक के चेहरे पर खुशी और उम्मीद साफ नजर आई।
राशन कार्ड रद्द होने की शिकायत पर DC ने रोका कार्रवाई का निर्देश
रातू प्रखंड के बानीपीड़ी निवासी एक दिव्यांग व्यक्ति ने पीला राशन कार्ड रद्द किए जाने की आशंका को लेकर शिकायत की। उन्होंने बताया कि परिवार में एक सदस्य की उम्र 18 वर्ष से कम होने के आधार पर राशन कार्ड रद्द करने की कार्रवाई की जा रही है।
मामले की जानकारी मिलते ही DC ने जिला आपूर्ति कार्यालय के संबंधित कर्मी को बुलाकर जानकारी ली और राशन कार्ड डिलीट नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभुकों को खाद्यान्न और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने को कहा।
इलाज के दौरान महिला की मौत का मामला पहुंचा जनता दरबार
अनगड़ा प्रखंड की निर्मला इंदवार ने अपनी बहन की इलाज के दौरान हुई मौत को लेकर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज करने और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
आवेदिका के अनुसार, रांची के डंगराटोली स्थित IVF टेस्ट ट्यूब सेंटर में इलाज के दौरान उनकी बहन की मौत हुई। उन्होंने इलाज के दौरान जरूरी दवाइयां और इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने तथा रक्त और प्लाज्मा के पूरी तरह इस्तेमाल नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए DC ने सिविल सर्जन, रांची को पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही आवेदिका को शिकायत SSP के समक्ष भी रखने को कहा गया, ताकि मामले के सभी पहलुओं की जांच हो सके।
पेंशन पुनरीक्षण का मामला भी पहुंचा जनता दरबार
नामकुम प्रखंड से आपूर्ति निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त बसंत कुमार साहू पेंशन पुनरीक्षण से संबंधित आवेदन लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सातवें वेतन आयोग के अनुरूप पेंशन पुनरीक्षण के लिए जुलाई 2025 में आवेदन दिया था, लेकिन अब तक उसका निष्पादन नहीं हुआ है।
DC ने संबंधित लिपिक से आवेदन लंबित रहने का कारण पूछा और पेंशन पुनरीक्षण के मामले का यथाशीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जमीन और BSNL टावर से जुड़े मामले भी आए
जिला परिषद सदस्य, बुंडू की ओर से अपनी खतियानी जमीन पर BSNL द्वारा अवैध रूप से टावर लगाए जाने की शिकायत की गई। DC ने BSNL के संबंधित अधिकारी से पत्राचार कर मामले के निष्पादन का निर्देश दिया।
इसके अलावा जनता दरबार में पंजी-2 में सुधार, दोहरी जमाबंदी रद्द करने, लंबित दाखिल-खारिज, जमीन पर अवैध कब्जा और भू-माफियाओं से जुड़े कई मामले भी सामने आए। DC ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
DC मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक आवेदन पर कार्रवाई करते हुए आवेदक को उसकी स्थिति की जानकारी भी दी जाए।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'झारखंड के 2119 वेटलैंड्स का बदलेगा स्वरूप!,' CM हेमंत सोरेन की हाईलेवल बैठक में बड़े फैसलों पर लगी मुहर

राज्यपाल के आदेश से जारी हुई अधिसूचना, झारखंड के 22 शिक्षा पदाधिकारियों का कद और वेतनमान दोनों बढ़ा







