CJM कोर्ट के आदेश को ठेंगा दिखा रही रांची पुलिस?, किन्नरों के कथित हमले के मामले में DGP तक पहुंची शिकायत
कचहरी चौक पर कथित हमले के मामले में CJM के आदेश के बावजूद FIR दर्ज नहीं होने का आरोप है। पीड़ित ने DGP समेत वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की है।

Ranchi Crime News: राजधानी रांची के कचहरी चौक पर किन्नरों द्वारा किए गए कथित हमले के मामले में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अदालत के स्पष्ट आदेश के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने का संगीन आरोप सामने आया है। पीड़ित पक्ष के इरशाद अंसारी ने इस मामले को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) समेत विभाग के तमाम आला अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर तुरंत FIR दर्ज करने और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
अब तक नहीं हुई कार्रवाई
शिकायतकर्ता के अनुसार, कचहरी चौक पर हुए इस विवाद को लेकर रांची कोर्ट में परिवाद संख्या 22104/2026 और पुलिस जांच के लिए एमसीए संख्या 2308/2026 दाखिल की गई थी। मामले की सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM), रांची ने बीते 13 जुलाई 2026 को ही कोतवाली थाना प्रभारी को केस दर्ज कर मामले की गहराई से जांच करने का साफ निर्देश जारी किया था। कोर्ट ने यह भी कहा था कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पूरी रिपोर्ट अदालत में पेश की जाए, लेकिन हफ्तों बीत जाने के बाद भी थाने में FIR तक दर्ज नहीं हुई।
तारीख आगे बढ़ने से बढ़ी चिंता
अदालत में इस मामले की अगली सुनवाई 13 अक्टूबर 2026 तय की गई है। शिकायतकर्ता इरशाद अंसारी ने अपनी लिखित अर्जी में यह गहरी आशंका जताई है कि पुलिस की इस बेवजह देरी की वजह से घटना से जुड़े अहम सबूत नष्ट हो सकते हैं। मौके के CCTV फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड्स, मेडिकल साक्ष्य और चश्मदीद गवाहों के बयानों को प्रभावित किए जाने का बड़ा खतरा बना हुआ है, जिससे पूरे केस के कमजोर होने की संभावना है।
DGP से लेकर आईजी तक भेजी गई शिकायत की कॉपी
इरशाद अंसारी ने कोतवाली थाना प्रभारी पर जानबूझकर मामले को लटकाने और कोर्ट के आदेश की अनदेखी करने का सीधा आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि 13 जुलाई के न्यायिक आदेश का तत्काल पालन कराते हुए FIR दर्ज की जाए और विधि-सम्मत अनुसंधान शुरू किया जाए। इसके साथ ही आदेश की अवहेलना करने वाले जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर विभागीय जांच बैठाने का अनुरोध किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस शिकायत की प्रतियां झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP), IG, DIG और सिटी SP को भी कार्रवाई हेतु भेजी गई हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'झारखंड के 2119 वेटलैंड्स का बदलेगा स्वरूप!,' CM हेमंत सोरेन की हाईलेवल बैठक में बड़े फैसलों पर लगी मुहर

राज्यपाल के आदेश से जारी हुई अधिसूचना, झारखंड के 22 शिक्षा पदाधिकारियों का कद और वेतनमान दोनों बढ़ा







