'जमीन नहीं मिली तो ऊपर से कूद जाऊंगा!' चतरा में 40 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, CO पर लगाए गंभीर आरोप
मयूरहंड में जमीन विवाद से परेशान एक युवक 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने CO पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस उसे सुरक्षित उतारने की कोशिश कर रही है।

हजारीबाग के बाद अब चतरा जिले के मयूरहंड अंचल से रोंगटे खड़े कर देने वाला एक हाई वोल्टेज ड्रामा सामने आया है। अपनी ही जमीन पर दबंगों द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे और प्रशासनिक उदासीनता से तंग आकर एक बेबस युवक 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया है। युवक ने खुली चेतावनी दी है कि यदि उसकी जमीन को तत्काल अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया और न्याय नहीं मिला, तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगा। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भारी हड़कंप और तनाव का माहौल है।
दबंगों के कब्जे से हताश होकर टावर पर चढ़ा मनोरंजन सिंह
मिली जानकारी के अनुसार, मयूरहंड थाना क्षेत्र के पाचघारा निवासी मनोरंजन सिंह करमा स्थित एक 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गए हैं। पीड़ित का सीधा आरोप है कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर इलाके के कुछ दबंग जबरन कब्जा कर पक्का मकान बना रहे हैं। उन्होंने अपनी जमीन बचाने के लिए हर सरकारी दफ्तर के चक्कर काटे, लेकिन कहीं से भी कोई ठोस राहत नहीं मिली, जिसके बाद हताश होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
SDO के आदेश को दरकिनार करने का आरोप, CO पर साधा निशाना
पीड़ित मनोरंजन सिंह का कहना है कि चतरा के SDO जहूर आलम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विवादित जमीन पर निर्माण कार्य रोकने का सख्त आदेश जारी किया था। इसके बावजूद मयूरहंड के अंचलाधिकारी (CO) मनीष कुमार काम रुकवाने में पूरी तरह नाकाम रहे। पीड़ित का आरोप है कि प्रशासन की ढिलाई का फायदा उठाकर दबंगों ने जमीन पर दीवार खड़ी कर ली है और अब छत ढलाई की तैयारी चल रही है। टावर से चिल्लाते हुए युवक ने साफ कहा कि अगर उसे कुछ भी होता है, तो उसकी मौत के सीधे जिम्मेदार मयूरहंड के सीओ होंगे।
मौके पर मची अफरा-तफरी, युवक को मनाने में जुटी पुलिस
टावर पर युवक के चढ़ने की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई, जिसके बाद मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम लाउडस्पीकर और बातचीत के जरिए युवक को समझाने-बुझाने और सुरक्षित नीचे उतारने की लगातार कोशिश कर रही है, लेकिन युवक अपनी मांग पर अड़ा हुआ है। हैरान करने वाली बात यह रही कि जमीन विवाद से जुड़ा इतना बड़ा ड्रामा होने और युवक की जान खतरे में होने के बावजूद, खबर लिखे जाने तक अंचलाधिकारी मनीष कुमार घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे। फिलहाल टावर के नीचे भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा है और प्रशासनिक महकमे में हलचल मची हुई है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'झारखंड के 2119 वेटलैंड्स का बदलेगा स्वरूप!,' CM हेमंत सोरेन की हाईलेवल बैठक में बड़े फैसलों पर लगी मुहर

राज्यपाल के आदेश से जारी हुई अधिसूचना, झारखंड के 22 शिक्षा पदाधिकारियों का कद और वेतनमान दोनों बढ़ा







