हजारीबाग नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, POCSO एक्ट में केस दर्ज
महिला ने अपनी बेटी के वहां होने की बात पूछी तो आरोपी ने इससे इनकार किया। इसके बाद महिला ने कमरे के अंदर जाकर देखा तो बच्ची चौकी के नीचे मिली।


Hazaribagh: दारू थाना क्षेत्र के सुल्तानी गांव में नौ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी की पहचान ग्यास कुमार उर्फ टोनी, पिता स्व. धनेश्वर राम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। आरोप है कि बच्ची अपनी छोटी बहन के साथ खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया, जहां उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया।
छोटी बहन ने मां को दी जानकारी
बताया गया कि बच्ची की छोटी बहन घर पहुंची और अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद बच्ची की मां आरोपी के घर पहुंची। वहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खटखटाने पर आरोपी ने दरवाजा खोला।
महिला ने अपनी बेटी के वहां होने की बात पूछी तो आरोपी ने इससे इनकार किया। इसके बाद महिला ने कमरे के अंदर जाकर देखा तो बच्ची चौकी के नीचे मिली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने रविवार रात दारू थाना में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले में कांड संख्या 79/26 दर्ज करते हुए BNS की धारा 65(2) और POCSO एक्ट की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई शुरू की।
आरोपी ने छेड़छाड़ की बात मानी, दुष्कर्म से किया इनकार
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने की बात स्वीकार की है, हालांकि उसने दुष्कर्म के आरोप से इनकार किया है। नाबालिग बच्ची का बयान न्यायालय में दर्ज कराया गया है।
दारू थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'झारखंड के 2119 वेटलैंड्स का बदलेगा स्वरूप!,' CM हेमंत सोरेन की हाईलेवल बैठक में बड़े फैसलों पर लगी मुहर

राज्यपाल के आदेश से जारी हुई अधिसूचना, झारखंड के 22 शिक्षा पदाधिकारियों का कद और वेतनमान दोनों बढ़ा







