'अब पैसे की तंगी से नहीं थमेगी किसी बच्चे की सांसें!', अमृता अस्पताल कोच्चि रवाना हुए 20 बीमार बच्चे, सारा खर्च उठाएगी सरकार
झारखंड के 20 बच्चों को जन्मजात हृदय रोग के मुफ्त इलाज के लिए कोच्चि के अमृता अस्पताल भेजा गया। सरकार ऑपरेशन, दवाओं के साथ परिजनों की यात्रा, भोजन और ठहरने का खर्च उठाएगी।

Free Heart Surgery : झारखंड के गरीब परिवारों के मासूम बच्चों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अब लाचार नहीं होना पड़ेगा। जन्मजात दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रहे 20 बच्चों को बेहतर और विशेषज्ञ इलाज के लिए सोमवार को हटिया रेलवे स्टेशन से केरल के कोच्चि स्थित प्रसिद्ध अमृता अस्पताल के लिए रवाना किया गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने खुद हटिया स्टेशन पहुंचकर सभी बच्चों को दुलारा, उपहार भेंट किए और मुस्कुराते हुए उन्हें विदा किया। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) झारखंड के एमडी शशि प्रकाश झा समेत रेलवे और स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कोच्चि के अमृता हॉस्पिटल में देश के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञों की देखरेख में इन सभी बच्चों की पूरी जांच और ओपन हार्ट सर्जरी बिल्कुल मुफ्त की जाएगी।
लाखों का खर्च अब पूरी तरह माफ, परिजनों का आना-जाना और खाना भी फ्री
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार का एकमात्र संकल्प है कि झारखंड के किसी भी गरीब परिवार के बच्चे की जान केवल पैसे की कमी की वजह से खतरे में न पड़े। उन्होंने बताया कि पहले ऐसे मासूमों के दिल के ऑपरेशन में 4 से 5 लाख रुपये तक का भारी-भरकम खर्च आता था, जिसे जुटाना किसी भी गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार के बस की बात नहीं थी। अब राज्य सरकार न केवल बच्चों के ऑपरेशन और दवाओं का पूरा खर्च उठा रही है, बल्कि बच्चों के साथ जाने वाले माता-पिता और परिजनों के ट्रेन टिकट, रहने और खाने-पीने का पूरा खर्च भी खुद वहन कर रही है ताकि परिवार पर एक रुपये का भी आर्थिक बोझ न पड़े।
अब तक 351 बच्चों को मिल चुकी है नई जिंदगी, सितंबर में जाएंगे 40 और मासूम
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत राज्य के अलग-अलग जिलों और ग्रामीण इलाकों में विशेष मेडिकल कैंप लगाकर बच्चों के स्वास्थ्य की गहन जांच की जाती है। इन शिविरों के जरिए जन्मजात हृदय रोगों की समय रहते पहचान की जाती है और उन्हें बड़े सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों तक पहुंचाया जाता है। स्वास्थ्य विभाग की इस संवेदनशील पहल से अब तक 351 बच्चों की राज्य से बाहर देश के बड़े अस्पतालों में सफल हार्ट सर्जरी कराई जा चुकी है। इसी कड़ी में अब 20 बच्चों का जत्था कोच्चि भेजा गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा, बल्कि अगले चरण में आगामी 8 सितंबर को 15 बच्चे और 21 सितंबर को 25 और बच्चों को फ्री सर्जरी के लिए कोच्चि के अमृता अस्पताल भेजा जाएगा।
जनप्रतिनिधियों से स्वास्थ्य मंत्री की भावुक अपील
स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के सभी मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, जिला परिषद सदस्यों, मुखियाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से पुरजोर अपील की है कि वे अपने-अपने इलाकों में ऐसे जरूरतमंद बच्चों की पहचान करने में आगे आएं। उन्होंने कहा कि अगर आपके क्षेत्र में कोई भी बच्चा जन्मजात दिल की बीमारी से पीड़ित है और पैसों की कमी के कारण इलाज नहीं करा पा रहा है, तो उसकी जानकारी फौरन स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाएं। सरकार उस मासूम का सबसे बेहतरीन अस्पताल में बिल्कुल मुफ्त और विश्वस्तरीय इलाज सुनिश्चित कराएगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'झारखंड के 2119 वेटलैंड्स का बदलेगा स्वरूप!,' CM हेमंत सोरेन की हाईलेवल बैठक में बड़े फैसलों पर लगी मुहर

राज्यपाल के आदेश से जारी हुई अधिसूचना, झारखंड के 22 शिक्षा पदाधिकारियों का कद और वेतनमान दोनों बढ़ा







