झारभूमि पोर्टल दो दिनों तक रहेगा बंद, रजिस्ट्री और म्यूटेशन के काम प्रभावित
7 और 8 मई को बंद रहेंगी ऑनलाइन सेवाएं, 9 मई दोपहर बाद फिर शुरू होगा झारभूमि पोर्टल..

*Ranchi* :- झारखंड में जमीन और फ्लैट की खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार के राजस्व विभाग द्वारा संचालित झारभूमि पोर्टल का सर्वर 7 और 8 मई को पूरी तरह बंद रहेगा। सर्वर मेंटेनेंस और तकनीकी अपडेट के कारण इन दो दिनों तक राज्यभर में जमीन रजिस्ट्री, म्यूटेशन समेत कई जरूरी ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
जानकारी के मुताबिक, झारभूमि पोर्टल में तकनीकी सुधार और सुरक्षा अपडेट का काम किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत विभाग की ओर से कंप्यूटर सिस्टम की MAC ID और IP Address को अपडेट किया जा रहा है। तकनीकी कार्यों को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए सर्वर को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है।
राजस्व विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पोर्टल की सेवाएं 9 मई को दोपहर 12 बजे के बाद फिर से शुरू कर दी जाएंगी। इसके बाद रजिस्ट्री, म्यूटेशन और अन्य ऑनलाइन प्रक्रियाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी।
बताया जा रहा है कि सर्वर अपडेट का कार्य 29 अप्रैल से ही जारी है। विभाग लगातार सिस्टम को अधिक सुरक्षित और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने में जुटा हुआ है, ताकि आने वाले समय में पोर्टल पर कामकाज और अधिक तेज और सुचारु तरीके से हो सके।
हालांकि, सर्वर बंद रहने के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जमीन रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोगों को अगले दो दिनों तक इंतजार करना पड़ेगा। बुधवार को राज्यभर में 1300 से अधिक जमीन और फ्लैट की रजिस्ट्री हुई थी, लेकिन अब सर्वर बंद होने के कारण रजिस्ट्री कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहने की संभावना है।
राज्य के विभिन्न जिलों से यह भी जानकारी मिल रही है कि म्यूटेशन और जमीन से जुड़े अन्य ऑनलाइन आवेदन फिलहाल लंबित रहेंगे। ऐसे में विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरी कार्यों के लिए 9 मई के बाद ही कार्यालय पहुंचे, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जमुआ में किशोर के अपहरण का दुस्साहस: बोरे में बंद कर ले जा रहे थे अपराधी, शोर मचाने पर भाग निकले

"सड़क नहीं, तालाब है ये!" - गोड्डा के कृष्ण टोला में विकास के दावों की खुली पोल







